उपायुक्त, रामगढ़ की अध्यक्षता में नगर परिषद के कार्यों की समीक्षा

Spread the love

रामगढ़, झारखंड : उपायुक्त, रामगढ़ श्री ऋतुराज की अध्यक्षता में आज समाहरणालय सभाकक्ष में रामगढ़ नगर परिषद के विभिन्न कार्यों एवं योजनाओं की प्रगति की समीक्षा हेतु बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर परिषद क्षेत्र में साफ-सफाई, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, लंबित योजनाओं, टाउन प्लानिंग, प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी), डीएमएफटी, जलापूर्ति एवं एसटीपी निर्माण सहित विभिन्न विषयों पर विस्तृत समीक्षा की गई तथा संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

साफ-सफाई एवं स्वच्छता व्यवस्था

बैठक में नगर परिषद क्षेत्र की साफ-सफाई व्यवस्था को और सुदृढ़ करने का निर्देश दिया गया। नगर परिषद में कार्यरत सभी सिटी मैनेजरों को प्रतिदिन क्षेत्र भ्रमण कर साफ-सफाई कार्यों का स्थलीय निरीक्षण एवं अनुश्रवण करने का निर्देश दिया गया।

साफ-सफाई से संबंधित आम नागरिकों की शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए Meeta Portal के माध्यम से शिकायत दर्ज करने हेतु एक मोबाइल एप विकसित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही, नगर परिषद के व्यावसायिक क्षेत्रों में भी नियमित रूप से साफ-सफाई कार्यों का अनुश्रवण सुनिश्चित करने को कहा गया।

CSR के तहत कार्यरत 15 कर्मियों को नगर परिषद के सभी वाडों में तैनात कर स्वच्छता से संबंधित कार्यों को अभियान के रूप में संचालित करने का निर्देश दिया गया, ताकि सभी वार्डों में आवश्यकतानुसार विशेष साफ-सफाई अभियान चलाया जा सके।

समाहरणालय स्थित पार्क में झाड़ियों की कटाई, साफ-सफाई एवं आवश्यक भराव कार्य कराने का भी निर्देश दिया गया।

ठोस अपशिष्ट प्रबंधन

बैठक में MSMW एजेंसी के साथ उपायुक्त, रामगढ़ की अध्यक्षता में बैठक आयोजित कर ठोस अपशिष्ट प्रबंधन (SWM) से संबंधित कार्यों की विस्तृत समीक्षा करने का निर्देश दिया गया। एजेंसी द्वारा किए जा रहे कार्यों की नियमित निगरानी एवं प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने पर बल दिया गया।

लंबित योजनाओं को शीघ्र पूर्ण करने का निर्देश

नगर परिषद की लंबित योजनाओं की समीक्षा करते हुए सभी संबंधित अधिकारियों एवं कार्यकारी एजेंसियों को सितंबर माह तक लंबित योजनाओं को पूर्ण करने का निर्देश दिया गया।

जो संवेदक/ठेकेदार निर्धारित समय के बावजूद कार्यों को गंभीरता से नहीं कर रहे हैं अथवा कार्य में अनावश्यक विलंब कर रहे हैं, उनके विरुद्ध ब्लैकलिस्ट करने की प्रक्रिया प्रारंभ करने का निर्देश दिया गया।

टाउन प्लानिंग एवं अवैध निर्माण

टाउन प्लानिंग के अंतर्गत बिना अनुमति अथवा निर्धारित प्रावधानों के विपरीत किए जा रहे भवन निर्माण की समीक्षा की गई। जिन भवनों के संबंध में पूर्व में नोटिस जारी किया जा चुका है, उनके विरुद्ध नियमानुसार सील करने की कार्रवाई प्रारंभ करने का निर्देश संबंधित पदाधिकारियों को दिया गया।

प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी)

PMAY-U की प्रगति की समीक्षा करते हुए वर्तमान उपलब्धि को और बेहतर करते हुए 82 प्रतिशत से बढ़ाकर 90 प्रतिशत तक आवास निर्माण/योजना की प्रगति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

DMFT योजनाओं का उद्घाटन

DMFT के तहत वार्डों में पूर्ण हो चुकी योजनाओं का उद्घाटन संबंधित वार्ड पार्षदों के माध्यम से कराने का निर्देश दिया गया। साथ ही, रामगढ़ के माननीय विधायक की उपलब्धता के अनुसार उन्हें भी ऐसे कार्यक्रमों में आमंत्रित करने का निर्देश दिया गया।

योजनाओं हेतु भूमि की उपलब्धता

नगर परिषद क्षेत्र में विभिन्न विकास योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए आवश्यक भूमि की उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु सभी वार्ड पार्षदों से संबंधित योजनाओं के लिए उपलब्ध / आवश्यक भूमि का विवरण प्राप्त करने का निर्देश दिया गया।

जलापूर्ति एवं STP निर्माण

बैठक में जलापूर्ति योजना एवं STP निर्माण कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। संबंधित कार्यकारी एजेंसी JUIDCO को निर्माण कार्यों में तेजी लाते हुए निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया गया।

उपायुक्त ने सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं कार्यकारी एजेंसियों को निर्देशित किया कि नगर परिषद क्षेत्र में संचालित सभी विकास एवं जनोपयोगी योजनाओं की गुणवत्ता, समयबद्धता एवं प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।