जन्माष्टमी पर शांतिधारा फाउंडेशन ने इस्कॉन मंदिर में अर्पित की 54 किलो चावल की सेवा

Spread the love

महाभोग के लिए चावल सेवा समर्पित, हजारों श्रद्धालुओं के साथ भव्य रूप से मनाया जाएगा श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव

रामगढ़ कैंट, झारखंड : नगर की प्रतिष्ठित सामाजिक-आध्यात्मिक संस्था शांतिधारा फाउंडेशन के सौजन्य से श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर कॉलेज रोड स्थित इस्कॉन मंदिर में 54 किलो चावल की सेवा अर्पित की गई। यह सेवा जन्माष्टमी के अवसर पर श्रद्धालुओं के बीच वितरित होने वाले महाभोग के लिए समर्पित की गई।

इस अवसर पर शांतिधारा फाउंडेशन के संस्थापक एवं अध्यक्ष सुरेश पी. अग्रवाल ने कहा कि “अन्न ही ब्रह्म है।” इसी भावना के साथ जन्माष्टमी के अवसर पर महाभोग के लिए तुलसी दल के रूप में 54 किलो चावल की सेवा समर्पित की गई है।

उन्होंने कहा कि शांतिधारा फाउंडेशन गीता के प्रचार-प्रसार और सेवा के संकल्प के साथ धार्मिक एवं सामाजिक कार्यों में निरंतर सहयोग करता रहा है। संस्था का उद्देश्य सेवा और आध्यात्मिक मूल्यों को समाज तक पहुंचाना है।

वहीं, इस्कॉन मंदिर के सेवक प्रसिद्ध हरि नाम दास जी ने बताया कि इस वर्ष इस्कॉन, रामगढ़ द्वारा श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव को भव्य एवं दिव्य रूप में मनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि महोत्सव का आयोजन कॉलेज मोड़ स्थित कलश वेंकटेश बैंक्वेट हॉल में किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि जन्माष्टमी महोत्सव में हजारों श्रद्धालुओं की सहभागिता होगी तथा भगवान श्रीकृष्ण का महा-अभिषेक श्रद्धालुओं द्वारा किया जाएगा। इस दौरान विभिन्न धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

हरि नाम दास जी ने सेवा भाव के लिए शांतिधारा फाउंडेशन के संस्थापक एवं अध्यक्ष सुरेश पी. अग्रवाल के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि धार्मिक आयोजनों में इस प्रकार का सहयोग समाज में सेवा और आध्यात्मिक चेतना को मजबूत करता है।