उपायुक्त की अध्यक्षता में डीसीसी एवं डीएलआरसी की बैठक, बैंकिंग योजनाओं की हुई समीक्षा

Spread the love

रामगढ़ कैंट, झारखंड  :  जिला समाहरणालय सभाकक्ष में बुधवार को उपायुक्त ऋतुराज की अध्यक्षता में जिला परामर्शदात्री समिति (DCC) एवं जिला स्तरीय समीक्षा समिति (DLRC) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के दौरान विभिन्न बैंकों की प्रगति और सरकार की विभिन्न ऋण योजनाओं की समीक्षा की गई।

बैठक की शुरुआत अग्रणी जिला प्रबंधक द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 में विभिन्न बैंकों की उपलब्धियों की जानकारी प्रस्तुत करने के साथ हुई। उपायुक्त ने वार्षिक साख योजना के तहत बैंकवार कार्यों की समीक्षा करते हुए सभी बैंक प्रबंधकों एवं प्रतिनिधियों को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप उपलब्धि सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

किसानों और पशुपालकों को KCC से जोड़ने पर जोर

किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) के माध्यम से मिल रहे लाभ की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने कृषि क्षेत्र में केसीसी की पहुंच बढ़ाने का निर्देश दिया। उन्होंने गाय, बकरी सहित विभिन्न पशुपालन गतिविधियों से जुड़े लाभुकों तथा मत्स्य पालकों को भी केसीसी योजना से अधिक से अधिक जोड़ने को कहा।

उपायुक्त ने प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यम योजना (PMFME) की भी समीक्षा की। उन्होंने माइक्रो फूड प्रोसेसिंग एंटरप्राइज से जुड़े पात्र लाभुकों को चिन्हित कर योजना का लाभ दिलाने का निर्देश दिया।

MSME और मुद्रा लोन पर भी विशेष ध्यान

MSME के तहत किए जा रहे कार्यों की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में विभिन्न विकास कार्यों के लिए उपलब्ध कराए जा रहे ऋण में सुधार लाने के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा।

वहीं, मुद्रा लोन योजना के तहत अधिक से अधिक पात्र लाभुकों को ऋण उपलब्ध कराने का निर्देश भी बैंक अधिकारियों को दिया गया।

बैठक में उप विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल, अग्रणी जिला प्रबंधक, विभिन्न बैंकों के प्रबंधक, जिला समन्वयक एवं प्रतिनिधियों सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।