रामगढ़ व्यवहार न्यायालय में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन, 18,194 मामलों का निपटारा ; ₹14.29 करोड़ राजस्व की प्राप्ति

Spread the love

मामला सुलझाने के लिए लगी भीड़

रामगढ़, झारखंड : झालसा के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, रामगढ़ के तत्वावधान में एवं प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मो. तौफीकुल हसन के मार्गदर्शन में शनिवार को व्यवहार न्यायालय, रामगढ़ में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय लोक अदालत के दौरान विभिन्न प्रकार के मामलों का निपटारा किया गया। कुल 18,194 मामलों का निपटारा हुआ तथा ₹14,29,83,046 (चौदह करोड़ उनतीस लाख तिरासी हजार छियालीस रुपये) राजस्व की प्राप्ति हुई।

राष्ट्रीय लोक अदालत में विभिन्न विधिक विषयों से जुड़े मामलों का निपटारा किया गया। इनमें मुख्य रूप से पारिवारिक विवाद, विद्युत अधिनियम से संबंधित मामले, भूमि अधिग्रहण, आपराधिक एवं अन्य दीवानी मामले, उपभोक्ता विवाद, बैंक एवं बीमा से जुड़े विवाद, राजस्व संबंधी मामले, चेक बाउंस तथा मोटर वाहन दावा से संबंधित मामले शामिल रहे।

राष्ट्रीय लोक अदालत वैकल्पिक विवाद समाधान की एक प्रभावी प्रक्रिया है, जहां मामलों का निपटारा आपसी सहमति से किया जाता है। इसके माध्यम से मामलों का शीघ्र समाधान होने के साथ दोनों पक्षों के बीच संतोषजनक समाधान का मार्ग भी प्रशस्त होता है।

आठ बेंचों के माध्यम से मामलों का हुआ निपटारा

राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल आयोजन के लिए व्यवहार न्यायालय परिसर में विभिन्न मामलों के लिए अलग-अलग बेंच गठित की गई थीं।

बेंच संख्या-01 में कुटुम्ब न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश श्री राजीव आनंद एवं पैनल अधिवक्ता श्री अमरनाथ बांका ने पारिवारिक विवाद से संबंधित मामलों की सुनवाई की।

बेंच संख्या-02 में जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश-प्रथम श्री विशाल श्रीवास्तव एवं पैनल अधिवक्ता श्री नितेश कुमार ने विद्युत अधिनियम, क्लेम केस, दीवानी एवं अन्य विवादों से संबंधित मामलों का निपटारा किया।

बेंच संख्या-03 में सीनियर सिविल जज तृतीय श्रीमती आरती माला एवं पैनल अधिवक्ता बीबी जाहिदा खातून ने क्रिमिनल कंपाउंडेबल केस एवं अन्य मामलों की सुनवाई की।

बेंच संख्या-04 में सीनियर सिविल जज द्वितीय श्री शिवेंद्र द्विवेदी एवं पैनल अधिवक्ता श्री कौशल कुमार सिन्हा ने भूमि अधिग्रहण से संबंधित मामलों का निपटारा किया।

बेंच संख्या-05 में सीनियर सिविल जज चतुर्थ श्री उत्तम सागर राणा एवं पैनल अधिवक्ता श्री विमनेश दुबे ने वन विभाग, चेक बाउंस एवं अन्य मामलों से संबंधित मामलों की सुनवाई की।

बेंच संख्या-06 में अध्यक्ष स्थायी लोक अदालत श्री वीरेंद्र कुमार तिवारी एवं अधिवक्ता श्री अभिनव कुमार ने पूर्व विवाद निपटान मामलों, बैंक, बीएसएनएल एवं अन्य मामलों पर सुनवाई की।

बेंच संख्या-07 में प्रेसिडेंट कंज्यूमर फोरम श्री शिव कुमार शुक्ला, मेंबर सुश्री कुमारी नीना सिंह एवं पैनल अधिवक्ता श्री शिवनाथ ठाकुर ने उपभोक्ता विवाद से संबंधित मामलों का निपटारा किया।

बेंच संख्या-08 में सर्टिफिकेट अधिकारी विद्युत विभाग श्री अमित अंबर कच्छप, विद्युत कार्यपालक अभियंता श्री संजय कुमार राणा एवं अधिवक्ता श्री ज्ञान रंजन ने विद्युत संबंधी सर्टिफिकेट केस से जुड़े मामलों की सुनवाई की।

शीघ्र और सुलहपूर्ण समाधान पर जोर

सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, रामगढ़ ने बताया कि जनता से अपील की गई थी कि वे अपने विवादों का शीघ्र और सौहार्दपूर्ण समाधान पाने के लिए राष्ट्रीय लोक अदालत का अधिकतम लाभ उठाएं। इसी क्रम में सीनियर सिविल जज द्वितीय श्री शिवेंद्र द्विवेदी के यहां चल रहे भैरवा जलाशय के सात मामलों का निष्पादन भी किया गया।

राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से मामलों का निपटारा त्वरित, सरल और न्यायपूर्ण तरीके से किया जाता है। इससे विवाद में शामिल दोनों पक्षों को आपसी सहमति से समाधान प्राप्त करने का अवसर मिलता है। रामगढ़ में आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में बड़ी संख्या में मामलों के निष्पादन को न्यायिक प्रक्रिया को सुलभ और प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।