रामगढ़ में एसपी की मासिक अपराध गोष्ठी, लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन और अपराधियों पर कार्रवाई के दिए निर्देश

Spread the love

रामगढ़, झारखंड : रामगढ़ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर शनिवार, 12 सितंबर 2026 को कार्यालय सभागार में मासिक अपराध गोष्ठी (क्राइम मीटिंग) का आयोजन किया गया। बैठक में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पतरातू एवं रामगढ़, सभी अंचल निरीक्षक, थाना एवं ओपी प्रभारी तथा विभिन्न शाखाओं के प्रभारी पुलिस पदाधिकारी शामिल हुए।

बैठक की शुरुआत पुलिस अधीक्षक द्वारा उपस्थित सभी पुलिस पदाधिकारियों के स्वागत के साथ हुई। इसके बाद जिले में अपराध नियंत्रण, लंबित कांडों के निष्पादन, अनुसंधान की प्रगति, वारंटियों एवं फरार अपराधियों के विरुद्ध कार्रवाई, सड़क सुरक्षा तथा आगामी पर्व-त्योहारों की तैयारियों सहित विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तृत समीक्षा की गई।

लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन पर जोर

पुलिस अधीक्षक ने शीर्षवार लंबित कांडों की समीक्षा करते हुए संबंधित पदाधिकारियों को कांडों के उद्भेदन, अभियुक्तों की गिरफ्तारी एवं कांडों के निष्पादन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अगस्त 2026 में प्रतिवेदित एवं निष्पादित विशेष तथा अविशेष कांडों की भी समीक्षा की गई। सितंबर माह में प्रतिवेदित कांडों की तुलना में अधिक कांडों का निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

सभी थाना प्रभारियों को बलात्कार एवं पॉक्सो एक्ट से संबंधित कांडों का 60 दिनों के भीतर निष्पादन करने का निर्देश दिया गया। सितंबर माह में संभावित रूप से निष्पादित किए जाने वाले कांडों की सूची की भी समीक्षा की गई।

पिछले पांच वर्ष, तीन वर्ष एवं दो वर्ष से लंबित सभी कांडों के संबंध में कारण सहित अलग-अलग सूची तैयार करने तथा लंबित कार्रवाई को तेज करते हुए कांडों का निष्पादन करने का निर्देश दिया गया।

पासपोर्ट सत्यापन और डायल-112 पर त्वरित कार्रवाई

बैठक में पासपोर्ट सत्यापन की प्रक्रिया की भी समीक्षा की गई। संबंधित पदाधिकारियों को पासपोर्ट का सत्यापन पांच दिनों के अंदर पूरा कर पोर्टल पर अपलोड करने का निर्देश दिया गया।

Emergency Response Support System (ERSS) डायल-112 के तहत प्राप्त शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा संबंधित पदाधिकारी को नौ मिनट के अंदर रिस्पॉन्ड करने के लिए निर्देशित किया गया।

वारंटियों और फरार अपराधियों पर होगी कार्रवाई

पुलिस अधीक्षक ने गैर-जमानती वारंट, स्थायी वारंट एवं फरार आरोपियों की अद्यतन सूची तैयार कर योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करने का निर्देश दिया। वारंट, इश्तेहार एवं कुर्की के निष्पादन की भी समीक्षा की गई।

संगठित आपराधिक गिरोहों की अद्यतन विवरणी तैयार करने तथा जेल से बाहर आए अपराधियों का सत्यापन करने को कहा गया। उनके वर्तमान गतिविधियों की समीक्षा करते हुए आवश्यकता के अनुसार निरोधात्मक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। जेल से छूटे अपराधकर्मियों के सत्यापन पर भी विशेष जोर दिया गया।

चेन, मोबाइल और पर्स छिनतई के मामलों की समीक्षा

बैठक में चेन, मोबाइल एवं पर्स छिनतई से संबंधित दर्ज कांडों और उनके उद्भेदन की स्थिति की समीक्षा की गई। संपत्ति संबंधी कांडों में हुए उद्भेदन की भी समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। दागी अपराधियों के सत्यापन का निर्देश भी सभी संबंधित पदाधिकारियों को दिया गया।

मालखाना के प्रभार एवं उसके निष्पादन की स्थिति की समीक्षा की गई। अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति से संबंधित कांडों तथा आईटी एक्ट से जुड़े मामलों की भी समीक्षा की गई।

लंबित न्यायालय परिवाद और सीसीटीएनएस की भी समीक्षा

बीएनएस की धारा 175(3) के तहत प्राप्त लंबित न्यायालय परिवादों की समीक्षा करते हुए आवश्यकतानुसार कांड दर्ज करने का निर्देश दिया गया।

सीसीटीएनएस में लंबित आईआईएफ-1 से 6 एवं 8 से 11 तक के प्रपत्रों की स्थिति की समीक्षा की गई। ITSSO में लंबित कांडों की भी समीक्षा की गई। चरित्र एवं सेवा सत्यापन से संबंधित मामलों की स्थिति की जानकारी लेते हुए समय पर निष्पादन का निर्देश दिया गया।

ई-साक्ष्य और वैज्ञानिक अनुसंधान पर विशेष ध्यान

बैठक में ई-साक्ष्य से संबंधित कार्यों की भी विस्तृत समीक्षा की गई। CCTNS में रियल टाइम, लाइव, पूर्ण एवं गुणवत्तापूर्ण डेटा एंट्री सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

साक्ष्य संकलन के लिए ई-साक्ष्य एप के उपयोग की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की गई। सात वर्ष से अधिक की सजा वाले कांडों में फोरेंसिक टीम द्वारा अविलंब साक्ष्य संकलन एवं वैज्ञानिक अनुसंधान की स्थिति की भी समीक्षा की गई।

कांडों का निर्धारित समय सीमा के भीतर, 60 एवं 90 दिनों में निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

NATGRID एप्लीकेशन के अनुसंधान में उपयोग की समीक्षा

NATGRID IT Solution परियोजना के तहत उपलब्ध GANDIVA एवं SUDARSHAN APPLICATION के अनुसंधान में उपयोग की स्थिति की भी समीक्षा की गई। साथ ही eDAR/iRAD पर प्रविष्टियों की स्थिति की जानकारी ली गई।

PG Portal, CP Gram एवं जन शिकायत कोषांग में प्राप्त आवेदनों का ससमय निष्पादन करने का निर्देश दिया गया।

निगरानी, सीसीए और PIT NDPS प्रस्तावों की समीक्षा

डीसीबी शाखा में जुलाई एवं अगस्त माह तक समर्पित निगरानी प्रस्ताव, सीसीए प्रस्ताव, गुंडा पंजी में प्रविष्टि हेतु प्रस्ताव तथा PIT NDPS के तहत कार्रवाई के लिए भेजे गए प्रस्तावों की समीक्षा की गई।

अवैध खनन और अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश

पुलिस अधीक्षक ने सड़क सुरक्षा के तहत नियमित वाहन चेकिंग अभियान चलाने का निर्देश दिया। इसके साथ ही अवैध खनन की रोकथाम तथा अवैध शराब के विरुद्ध छापेमारी अभियान चलाने के लिए भी सभी संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

UD कांडों की समीक्षा करते हुए लंबित मामलों का निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा गया।

गणेश चतुर्थी, विश्वकर्मा पूजा और कर्मा पूजा को लेकर भी समीक्षा

आगामी पर्व-त्योहारों गणेश चतुर्थी, विश्वकर्मा पूजा एवं कर्मा पूजा को लेकर भी बैठक में विशेष समीक्षा की गई। पुलिस अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा पर्वों के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक तैयारियां करने का निर्देश दिया गया।

मासिक अपराध गोष्ठी के दौरान पुलिस अधीक्षक ने सभी पदाधिकारियों को अपराध नियंत्रण, लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन, फरार एवं दागी अपराधियों पर निगरानी तथा आम लोगों की शिकायतों के समयबद्ध समाधान को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया।