होमगार्ड भर्ती की तैयारी तेज, उपायुक्त ने पारदर्शी प्रक्रिया और शारीरिक दक्षता परीक्षा को लेकर दिए निर्देश

Spread the love

रामगढ़, झारखंड : होमगार्ड भर्ती प्रक्रिया को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पारदर्शी एवं नियमानुसार संपन्न कराने को लेकर शनिवार को उपायुक्त रामगढ़ ऋतुराज की अध्यक्षता में संबंधित पदाधिकारियों एवं भर्ती समिति के सदस्यों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में भर्ती प्रक्रिया की अब तक की प्रगति की समीक्षा करते हुए आगामी चरणों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

सभी आवेदनों की जांच पूरी, रद्द आवेदनों की सूची जारी करने का निर्देश

बैठक में होमगार्ड कमांडेंट नीलिमा सोरे ने समिति को जानकारी दी कि होमगार्ड भर्ती के लिए प्राप्त सभी आवेदनों की जांच प्रक्रिया पूरी कर ली गई है।

इस पर उपायुक्त ने निर्देश दिया कि नियमानुसार आगे की कार्रवाई सुनिश्चित करते हुए जिन अभ्यर्थियों के आवेदन रद्द किए गए हैं, उनकी सूची रद्द किए जाने के कारणों के साथ जारी की जाए। उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रिया के प्रत्येक चरण में पारदर्शिता बनाए रखना आवश्यक है।

शारीरिक दक्षता परीक्षा के लिए तैयार होगा विस्तृत रोडमैप

उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को भर्ती समिति के साथ समन्वय स्थापित कर शारीरिक दक्षता परीक्षा के आयोजन का विस्तृत रोडमैप तैयार करने का निर्देश दिया। उन्होंने परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों की सुविधा, सुरक्षा, अनुशासन और निर्धारित नियमों के अनुपालन को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने को कहा।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि भर्ती प्रक्रिया के प्रत्येक चरण में निर्धारित नियमों एवं मानकों का अक्षरशः पालन हो तथा अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

सिद्धू-कान्हू मैदान का निरीक्षण, परीक्षा आयोजन की व्यवस्थाओं पर जोर

बैठक के बाद उपायुक्त ऋतुराज ने संबंधित पदाधिकारियों के साथ सिद्धू-कान्हू मैदान का निरीक्षण किया। इस दौरान शारीरिक दक्षता परीक्षा में आयोजित किए जाने वाले विभिन्न आयोजनों को ध्यान में रखते हुए मैदान की उपलब्ध सुविधाओं एवं आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।

उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शारीरिक दक्षता परीक्षा के विभिन्न आयोजनों के अनुरूप विस्तृत योजना तैयार की जाए। साथ ही परीक्षा के सफल संचालन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने को कहा।

ये पदाधिकारी रहे मौजूद

बैठक में पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत, उप विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल, अनुमंडल पदाधिकारी कृष्ण मुरारी तिर्की, गोपनीय प्रभारी रविन्द्र कुमार गुप्ता, पुलिस उपाधीक्षक आलोक रंजन, एसडीपीओ पतरातू राघवेंद्र शर्मा, डीआईओ मनीष सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं भर्ती समिति के सदस्य उपस्थित थे।