बरलंगा थाना का एसपी ने किया वार्षिक निरीक्षण, लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन का दिया निर्देश

Spread the love

बरलंगा (रामगढ़), झारखंड :   पुलिस अधीक्षक, रामगढ़ द्वारा शनिवार को बरलंगा थाना का वार्षिक निरीक्षण किया गया। इस दौरान थाना के अभिलेखों की गहनता से जांच की गई और पुलिस पदाधिकारियों को लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन सहित कानून-व्यवस्था को लेकर कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के क्रम में पुलिस अधीक्षक ने लंबित कांडों, वारंट, इश्तेहार एवं कुर्की से संबंधित मामलों की समीक्षा करते हुए इनके त्वरित निष्पादन का निर्देश दिया। साथ ही वारंटियों एवं फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापामारी अभियान चलाने को कहा गया।

पुलिस अधीक्षक ने क्षेत्र में बैंक एवं एटीएम की सुरक्षा को लेकर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया। इसके अलावा अड्डाबाजी एवं आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए थाना क्षेत्र में सघन गश्ती अभियान चलाने पर जोर दिया गया।

आगामी करमा पर्व को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने क्षेत्र में विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश उपस्थित पुलिस पदाधिकारियों को दिया। उन्होंने पर्व के दौरान शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए पुलिस बल को पूरी तरह मुस्तैद रहने को कहा।