मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने किया उद्घाटन, विधायक ममता देवी समेत कई अतिथि रहे मौजूद
कुजू (रामगढ), झारखंड : करमा अमरपुर फुटबॉल मैदान में रविवार को 26वें मनी प्राइज सह स्वर्गीय जगदेव महतो मेमोरियल फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में झारखंड सरकार के उत्पाद एवं मद्य निषेध तथा पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री योगेंद्र प्रसाद मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। रामगढ़ विधायक ममता देवी विशिष्ट अतिथि, जबकि जेएलकेएम नेत्री लीलावती महतो और रूपा महतो सम्मानित अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम की शुरुआत आयोजन समिति की ओर से अतिथियों के स्वागत के साथ हुई। समिति के सदस्यों ने अतिथियों को फूलमाला पहनाकर, बुके और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। इसके बाद अतिथियों ने स्वर्गीय जगदेव महतो के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को मिलेगा मंच : योगेंद्र प्रसाद
मुख्य अतिथि मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने अपने संबोधन में कहा कि इस तरह के खेल आयोजनों से ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का मंच मिलता है। उन्होंने कहा कि झारखंड के गठन के 26 वर्ष पूरे होने के दौरान वर्तमान सरकार खेल नीति के माध्यम से खिलाड़ियों और खेल प्रतिभाओं को सम्मान देने की दिशा में कार्य कर रही है। उन्होंने पूर्ववर्ती सरकारों के कार्यों का भी उल्लेख किया।
करमा महोत्सव में महिलाओं ने प्रस्तुत किया पारंपरिक नृत्य
फुटबॉल टूर्नामेंट के साथ करमा महोत्सव का भी आयोजन किया गया। इस दौरान महिलाओं ने पारंपरिक गीत और नृत्य प्रस्तुत कर सांस्कृतिक रंग बिखेरा। आयोजन समिति की ओर से महिलाओं को अतिथियों के हाथों सम्मानित किया गया।
फाइनल मुकाबले से पहले खिलाड़ियों से कराया परिचय
टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में सरना यूनाइटेड रामगढ़ और हांसदा एफसी ललपनिया की टीमें आमने-सामने उतरीं। अतिथियों ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। इसके बाद मुख्य अतिथि और अन्य अतिथियों ने किक मारकर फाइनल मुकाबले का शुभारंभ किया। कार्यक्रम के दौरान भव्य आतिशबाजी भी की गई।