देवघर में सुपर स्पेशलिस्ट हिंदुजा अस्पताल का उद्घाटन, असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने किया शुभारंभ

Spread the love

देवघर, झारखंड :  देवघर के दर्दमारा स्थित बाबा बैद्यनाथ मेडिकल ट्रस्ट परिसर में बुधवार को सुपर स्पेशलिस्ट पीडी हिंदुजा हॉस्पिटल एंड मेडिकल रिसर्च सेंटर का उद्घाटन हुआ। अस्पताल का उद्घाटन असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने किया। कार्यक्रम में गोड्डा सांसद डॉ. निशिकांत दुबे विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

उद्घाटन समारोह में हिंदुजा ग्रुप के सीईओ गौतम खन्ना, बाबा बैद्यनाथ मेडिकल ट्रस्ट की चेयरपर्सन डॉ. अनामिका गौतम, एम्स के निदेशक डॉ. नितिन गंगने, डॉ. सुनील खवाड़े समेत अन्य अतिथि उपस्थित थे।

आपातकालीन सेवा से लेकर अत्याधुनिक ऑपरेशन थिएटर तक की सुविधा

नए अस्पताल में मरीजों के लिए 24 घंटे आपातकालीन चिकित्सा सेवा उपलब्ध कराई गई है। अस्पताल में आधुनिक ट्रॉमा केयर, आईसीयू, डायलिसिस यूनिट, कैथ लैब और अत्याधुनिक ऑपरेशन थिएटर जैसी सुविधाएं मौजूद होंगी।

जांच की सुविधा के लिए अस्पताल में सीटी स्कैन, एमआरआई, एक्स-रे और अल्ट्रासाउंड की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा पैथोलॉजी और ब्लड बैंक की सुविधा भी मरीजों को उपलब्ध होगी।

हिंदुजा ग्रुप के जिम्मे होगी चिकित्सा व्यवस्था

अस्पताल के संचालन और चिकित्सा व्यवस्था की जिम्मेदारी हिंदुजा ग्रुप संभालेगा। सुपर स्पेशलिस्ट चिकित्सा सुविधाओं वाले इस अस्पताल के शुरू होने से देवघर के साथ संताल परगना के अन्य जिलों के मरीजों को भी स्थानीय स्तर पर विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं मिलने की सुविधा होगी।

देवघर से सटे बिहार के क्षेत्रों के मरीज भी अस्पताल की चिकित्सा सेवाओं का लाभ ले सकेंगे। इससे गंभीर और जटिल बीमारियों के उपचार के लिए मरीजों को दूसरे बड़े शहरों की ओर जाने की जरूरत कम होने की उम्मीद है।

नए अस्पताल को क्षेत्र में आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।