लगातार बारिश के बीच रामगढ़ प्रशासन की अपील, डैम और जलस्रोतों से रहें दूर

Spread the love

रामगढ़, झारखंड :  जिले और आसपास के इलाकों में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश को देखते हुए रामगढ़ जिला प्रशासन ने आम लोगों और पर्यटकों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। बारिश के कारण पतरातू डैम, भैरवा जलाशय समेत अन्य जलाशयों और उनसे जुड़े नदी-नालों में जलस्तर तथा जलप्रवाह बढ़ रहा है। मौसम की स्थिति को देखते हुए अचानक पानी का बहाव बढ़ने की आशंका भी बनी हुई है।

प्रशासन ने लोगों से डैम, जलाशय, गहरे तालाब, नदियों, प्राकृतिक जलस्रोतों और जलभराव वाले स्थानों के आसपास अनावश्यक रूप से नहीं जाने की अपील की है। प्रशासन के अनुसार, पानी का बहाव सामान्य या कम दिखाई देने पर भी किसी तरह का जोखिम नहीं लेना चाहिए।

बच्चों को जलस्रोतों से दूर रखने की अपील

जिला प्रशासन ने कहा है कि बारिश के दौरान थोड़ी सी लापरवाही गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है। ऐसे में लोगों को अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए प्रशासन की ओर से जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करना चाहिए।

अभिभावकों से विशेष रूप से बच्चों को डैम, नदी, तालाब और अन्य जलस्रोतों के आसपास नहीं जाने देने की अपील की गई है।

संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी के निर्देश

लगातार बारिश को देखते हुए सभी अंचल अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में थाना प्रभारियों और स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर काम करने का निर्देश दिया गया है। जलस्रोतों और संवेदनशील स्थानों पर सतत निगरानी रखने को भी कहा गया है।

जिला प्रशासन ने आमजनों और पर्यटकों से अपील की है कि बारिश के दौरान अनावश्यक रूप से जोखिम वाले स्थानों पर जाने से बचें। प्रशासन के निर्देशों का पालन करते हुए स्वयं और अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करें।