कर्मचारियों को सुरक्षित कार्यप्रणाली के प्रति किया गया जागरूक

Spread the love

रामगढ़ कैंट, झारखंड :  बिहार फाउंड्री एंड कास्टिंग्स लिमिटेड (BFCL) में कार्यस्थल पर मजबूत सुरक्षा संस्कृति विकसित करने और कर्मचारियों को सुरक्षित कार्यप्रणाली के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से विभिन्न सुरक्षा जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रमों के माध्यम से कर्मचारियों को बताया गया कि सुरक्षा केवल नियमों के पालन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक कर्मचारी की व्यक्तिगत जिम्मेदारी और कार्य संस्कृति का अभिन्न हिस्सा है।

सुरक्षा जागरूकता अभियान के तहत “Safety First – घर भी जाना है” थीम पर नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। नाटक के माध्यम से कर्मचारियों को कार्यस्थल पर सुरक्षा नियमों और निर्धारित प्रक्रियाओं का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया। यमराज के पात्र के माध्यम से यह संदेश प्रभावी ढंग से दिया गया कि काम के दौरान की गई छोटी-सी गलती, लापरवाही अथवा असुरक्षित तरीके से कार्य करना गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकता है।

कार्यक्रम के दौरान कर्मचारियों को सुरक्षा शपथ भी दिलाई गई। कर्मचारियों ने कार्यस्थल पर दुर्घटनाओं की रोकथाम, सभी सुरक्षा नियमों एवं प्रक्रियाओं के पालन तथा स्वयं और अपने सहकर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का संकल्प लिया। साथ ही, प्रत्येक दिन सुरक्षित तरीके से कार्य करते हुए सकुशल अपने घर लौटने का संदेश दिया गया।

इसके अतिरिक्त क्लासरूम प्रशिक्षण के माध्यम से कर्मचारियों को Moving Machinery और कार्यस्थल पर मौजूद विभिन्न संभावित खतरों के प्रति जागरूक किया गया। प्रशिक्षण में संभावित खतरों की पहचान, SOP के अनुसार सुरक्षित तरीके से कार्य करने, उचित नियंत्रण एवं बचाव के उपाय अपनाने तथा दुर्घटनाओं की रोकथाम से संबंधित जानकारी दी गई।

प्रशिक्षण के दौरान इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि किसी भी कार्य को शुरू करने से पहले संभावित खतरों की पहचान करना, निर्धारित सुरक्षा प्रक्रियाओं का पालन करना और आवश्यक नियंत्रण एवं बचाव उपाय अपनाना बेहद जरूरी है। कर्मचारियों को बताया गया कि सुरक्षित कार्यस्थल के निर्माण में प्रत्येक कर्मचारी की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।

BFCL द्वारा आयोजित इन सुरक्षा जागरूकता गतिविधियों का उद्देश्य कर्मचारियों में सुरक्षा के प्रति जिम्मेदारी, सजगता और प्रतिबद्धता को मजबूत करना है। कंपनी की ओर से ऐसी कार्य संस्कृति विकसित करने पर जोर दिया गया, जिसमें प्रत्येक कर्मचारी अपनी सुरक्षा के साथ-साथ अपने सहकर्मियों की सुरक्षा को भी सर्वोच्च प्राथमिकता दे।