पतरातू (रामगढ), झारखंड : पीटीपीएस श्रम कल्याण केंद्र रोड स्थित एक बंद क्वार्टर में शनिवार को अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग की घटना में आवास में रखे लाखों रुपये के घरेलू सामान जलकर नष्ट हो गए। दमकल की मदद से आग पर काबू पाया गया।
जानकारी के अनुसार पीटीपीएस के रोड नंबर-9 स्थित आवास संख्या ई-146 में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी। उक्त आवास में सेवानिवृत्त शिक्षक सुजीत कुमार सिन्हा अपने परिवार के साथ रहते हैं। घटना के समय परिवार के सभी सदस्य दिल्ली गए हुए थे, जिसके कारण आवास में ताला लगा था।
आग लगने के बाद आवास से धुआं और लपटें निकलती देख आसपास के लोगों ने इसकी सूचना कटिया पंचायत के मुखिया किशोर कुमार महतो को दी। इसके बाद पीवीयूएनएल के दमकल विभाग को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पीवीयूएनएल की दमकल गाड़ी मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इसके बाद रामगढ़ से भी दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची, हालांकि तब तक पीवीयूएनएल की दमकल टीम आग पर नियंत्रण पा चुकी थी।
मुखिया किशोर कुमार महतो ने बताया कि आग लगने से आवास का रसोईघर, वाशिंग मशीन, फ्रिज, इनवर्टर समेत अन्य घरेलू सामान जलकर खाक हो गए। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।