रामगढ़, झारखंड : सड़क किनारे, विशेषकर नो-पार्किंग जोन में भारी एवं मालवाहक वाहनों की पार्किंग के कारण दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए उपायुक्त ऋतुराज के निर्देश पर शनिवार 26 सितम्बर 2026 की रात को जिला परिवहन विभाग की ओर से विशेष औचक जांच अभियान चलाया गया।
जिला परिवहन पदाधिकारी राजेश एक्का के नेतृत्व में परिवहन विभाग की टीम ने एनएच-33 के चुट्टूपालू घाटी, पटेल चौक, कुज्जू सहित अन्य प्रमुख स्थलों पर जांच की। इस दौरान सड़क किनारे और नो-पार्किंग जोन में खड़े भारी एवं मालवाहक वाहनों की विशेष रूप से जांच की गई।
अभियान के दौरान वाहनों के पंजीकरण प्रमाण-पत्र, परमिट, फिटनेस, बीमा, प्रदूषण प्रमाण-पत्र, चालक अनुज्ञप्ति सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई। वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा नियमों और निर्धारित पार्किंग व्यवस्था का पालन करने के संबंध में आवश्यक निर्देश भी दिए गए।
जांच के दौरान कुल 29 वाहनों की जांच की गई। इनमें नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 12 वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए कुल 2,42,500 रुपये का जुर्माना अधिरोपित किया गया।
जिला परिवहन पदाधिकारी राजेश एक्का ने वाहन चालकों और वाहन मालिकों से अपील की कि रात्रि के समय मुख्य सड़क या सड़क किनारे नो-पार्किंग जोन में भारी एवं मालवाहक वाहनों को खड़ा नहीं करें। उन्होंने कहा कि सड़क किनारे अनाधिकृत पार्किंग से आवागमन बाधित होने के साथ-साथ अन्य वाहन चालकों को समय पर खड़े वाहन दिखाई नहीं देने से दुर्घटना की संभावना बनी रहती है।
उन्होंने सभी वाहन चालकों से यातायात एवं सड़क सुरक्षा नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने की अपील की।
जिला प्रशासन एवं परिवहन विभाग की ओर से सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के अनुपालन को लेकर आगे भी नियमित जांच अभियान चलाने की बात कही गई है। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।