गिद्दी (हजारीबाग), झारखंड : दामोदर नदी पर नए हाई लेवल पुल के निर्माण और पुराने जर्जर पुल की मरम्मत कार्य का बुधवार को हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल, मांडू विधायक निर्मल महतो एवं बड़कागांव विधायक रोशनलाल चौधरी ने शिलान्यास किया। शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल हुए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि दामोदर नदी पर वर्तमान पुल का निर्माण वर्ष 1980 के दशक में हुआ था और लंबे समय से जर्जर स्थिति में था। नए हाई लेवल पुल के निर्माण से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और यह क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण संपर्क कड़ी साबित होगा।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए सड़क और पुल जैसी आधारभूत संरचनाओं का मजबूत होना जरूरी है। नए पुल के निर्माण पर 17 करोड़ 48 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। निर्माण की राशि सीसीएल की ओर से उपलब्ध कराई जा रही है, जबकि निर्माण कार्य झारखंड राज्य राजमार्ग प्राधिकरण की देखरेख में कराया जाएगा। नए पुल के निर्माण की जिम्मेदारी कुमार एंड राय कंस्ट्रक्शन को दी गई है।
वहीं, पुराने पुल की मरम्मत के लिए 51 लाख 71 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे। मरम्मत कार्य के बाद पुराने पुल की स्थिति में सुधार होने की उम्मीद है।
मांडू विधायक निर्मल महतो ने गिद्दी-नयामोड़ सड़क की जर्जर स्थिति का मुद्दा उठाते हुए कहा कि सड़क के निर्माण के लिए आवश्यक कदम उठाया जाएगा। बड़कागांव विधायक रोशनलाल चौधरी ने भी गिद्दी-नयामोड़ सड़क के निर्माण की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम में अरगड्डा महाप्रबंधक सत्यजीत कुमार, बरका-सयाल महाप्रबंधक रंजन सिन्हा, राजीव कुमार, भाजपा जिलाध्यक्ष विवेकानंद सिंह, संजीव कुमार सिंह, आजसू जिलाध्यक्ष दिलीप दांगी, रंजीत पांडेय, पुरुषोत्तम पांडेय, करुण सिंह, गुड्डू यादव, रामजी सिंह, बिरजू साव, कुंजीलाल प्रजापति, संजीत पटेल, सुमन देवी सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।