रामगढ़ कैंट, झारखंड : पटेल चौक स्थित गुरु कृपा नर्सिंग होम में प्रसव के लिए भर्ती एक महिला की मौत के मामले में रामगढ़ थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। मृतका के पिता अनवर सलीम ने अस्पताल प्रबंधन और चिकित्सक पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए थाना में शिकायत दी है। मामले की जांच के लिए पुलिस पदाधिकारी जॉनी कुमार को अनुसंधान पदाधिकारी बनाया गया है।
शिकायत के अनुसार, चितरपुर के ईदगाह मैदान निवासी शाहबाज अहमद की पत्नी सिमरन फरहीन को 28 सितंबर 2026 की रात करीब 11 बजे प्रसव के लिए गुरु कृपा नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया था। मृतका के पिता का आरोप है कि भर्ती के समय उनकी बेटी की स्थिति सामान्य थी और अस्पताल प्रबंधन की ओर से सामान्य प्रसव होने की बात कही गई थी।
परिजनों के अनुसार, 29 सितंबर की सुबह अचानक अस्पताल प्रबंधन की ओर से मरीज की स्थिति गंभीर होने की जानकारी दी गई और बेहतर इलाज के लिए उसे सदर अस्पताल, रामगढ़ भेजने की बात कही गई। शिकायतकर्ता का आरोप है कि सदर अस्पताल ले जाने से पहले ही उनकी बेटी की मौत गुरु कृपा नर्सिंग होम में हो चुकी थी। इसके बावजूद परिजनों को इसकी स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई और मरीज को गंभीर स्थिति बताकर सदर अस्पताल भेज दिया गया।
मृतका के पिता ने शिकायत में अस्पताल प्रबंधन पर चिकित्सा संबंधी दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराने का भी आरोप लगाया है। उनका कहना है कि सदर अस्पताल भेजे जाने के समय उपचार से संबंधित दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराया गया तथा मांगने के बावजूद अस्पताल की ओर से चिकित्सा संबंधी रिकॉर्ड देने में टालमटोल की जा रही है।
शिकायत में गुरु कृपा नर्सिंग होम के प्रोपराइटर डॉ. मृत्युंजय ठाकुर पर भी इलाज में गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया गया है। मृतका के पिता ने मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
रामगढ़ थाना में मामले को लेकर कांड संख्या 264/26, दिनांक 29 सितंबर 2026 दर्ज किए जाने की जानकारी दी गई है। पुलिस पदाधिकारी जॉनी कुमार को मामले का अनुसंधान सौंपा गया है। पुलिस जांच के बाद ही महिला की मौत के वास्तविक कारण और लगाए गए आरोपों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।