सीसीएल कुजू प्रबंधन ने चलाया “एक दिन, एक घंटा, एक साथ” स्वच्छता कार्यक्रम

Spread the love

कुजू (रामगढ), झारखंड : सीसीएल कुजू क्षेत्रीय प्रबंधन की ओर से गुरुवार को पारिजात कॉलोनी में स्वच्छता ही सेवा 2026 अभियान के तहत “एक दिन, एक घंटा, एक साथ” विशेष स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने, सामूहिक भागीदारी को प्रोत्साहित करने तथा स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के निर्माण में लोगों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करना था।

कार्यक्रम के दौरान कुजू क्षेत्र के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्वच्छता रैली निकाली। रैली के माध्यम से स्वच्छता के महत्व, स्वच्छ परिवेश बनाए रखने और कचरे का उचित निस्तारण करने के प्रति लोगों को जागरूक किया गया। प्रतिभागियों ने स्वच्छता से जुड़े संदेशों एवं नारों के माध्यम से आमजनों को स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया।

अभियान के तहत अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने करीब एक घंटे तक पारिजात कॉलोनी परिसर में श्रमदान किया। इस दौरान उन्होंने स्वयं झाड़ू एवं फावड़े लेकर सड़क, सार्वजनिक स्थलों और आसपास के क्षेत्रों की सफाई की। बिखरे हुए कचरे को एकत्र कर उसका निस्तारण किया गया।

कार्यक्रम में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सक्रिय भागीदारी निभाते हुए स्वच्छता के प्रति अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन किया। साथ ही सभी प्रतिभागियों ने स्वच्छता को दैनिक जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।

इसके बाद सफाईमित्र सुरक्षा एवं सम्मान शिविर का आयोजन किया गया। इसमें स्वच्छता एवं साफ-सफाई बनाए रखने में योगदान देने वाले सफाईमित्रों को सम्मानित किया गया तथा उन्हें उपयोगिता किट प्रदान की गई।