रामगढ़ कैंट, झारखंड : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भाजपा रामगढ़ जिला इकाई की ओर से घुटूवा स्थित दुर्गा मंदिर परिसर के समीप मैदान में ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और महिलाएं शामिल हुईं। एलईडी स्क्रीन के माध्यम से उपस्थित लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन सुना और विकसित भारत के निर्माण के संकल्प को दोहराया।
कार्यक्रम का आयोजन भाजपा जिलाध्यक्ष संजीव कुमार सिंह के नेतृत्व में किया गया। इस अवसर पर विभिन्न मंडलों के अध्यक्षों के नेतृत्व में ‘सेवा ज्योति यात्रा’ निकाली गई। कार्यकर्ताओं ने पवित्र ज्योत प्रज्वलित कर प्रधानमंत्री के विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की शपथ ली।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष की सेवा यात्रा को देशवासियों के आशीर्वाद और विश्वास का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेते समय उन्होंने नहीं सोचा था कि सार्वजनिक सेवा की यात्रा इस पड़ाव तक पहुंचेगी। उन्होंने 25 वर्षों के सफर को व्यक्तिगत उपलब्धि के बजाय विकसित भारत के संकल्पों को नई ऊर्जा देने का अवसर बताया।
प्रधानमंत्री ने स्वयं को आज भी विद्यार्थी बताते हुए निरंतर सीखते रहने की भावना पर जोर दिया। उन्होंने कृषि, निर्यात, आत्मनिर्भरता और राष्ट्रीय सुरक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में देश में हुए बदलावों का उल्लेख किया। अनुच्छेद 370, नक्सलवाद और आतंकवाद का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि भारत अपनी सुरक्षा और स्वाभिमान के साथ आगे बढ़ रहा है।
वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को दोहराते हुए प्रधानमंत्री ने देशवासियों से ‘राष्ट्र प्रथम’ के मंत्र के साथ आगे बढ़ने और ‘देश के लिए जीने’ का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि 140 करोड़ देशवासी मिलकर विकसित भारत के सपने को साकार करेंगे। उन्होंने संकल्प व्यक्त किया कि भारत के विकसित होने तक वे न रुकेंगे, न थकेंगे और न अपने पथ से डिगेंगे।
सेवा ज्योति यात्रा के जिला संयोजक सह जिला उपाध्यक्ष बलराम महतो ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों की जनसेवा यात्रा के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि घुटूवा में जुटे कार्यकर्ता प्रधानमंत्री के संदेश और विकसित भारत के संकल्प को गांव, पंचायत और बूथ स्तर तक पहुंचाएंगे।
कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद, बड़कागांव विधायक रोशन लाल चौधरी, जिला महामंत्री जगेश्वर प्रजापति, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रणंजय कुमार उर्फ कूंटू बाबू, डॉ. संजय प्रसाद सिंह, चंद्रशेखर चौधरी और प्रिया करमाली सहित जिला एवं मंडल स्तर के पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं और महिलाओं की भागीदारी रही।
कार्यक्रम के समापन पर कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना करते हुए राष्ट्र सेवा और विकसित भारत के निर्माण के संकल्प को दोहराया।