रामगढ़, झारखंड : राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकार, रामगढ़ की ओर से चलाए जा रहे ‘जस्टिस सर्किट’ अभियान के पांचवें दिन मांडू प्रखंड के चुंबा क्षेत्र में विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। अभियान का उद्देश्य दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों तक निःशुल्क विधिक सेवाओं और कानूनी जागरूकता को पहुंचाना है।
कार्यक्रम का आयोजन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, रामगढ़ मो. तौफीकुल हसन तथा प्राधिकार के सचिव अनिल कुमार के मार्गदर्शन में किया गया।
कार्यक्रम में एलएडीसी असिस्टेंट अभिनव कुमार ने ग्रामीणों को उनके कानूनी अधिकारों की जानकारी दी। उन्होंने सामाजिक कल्याण विभाग और रोजगार कार्यालय की ओर से संचालित विभिन्न योजनाओं के बारे में भी बताया, ताकि कोई व्यक्ति अपने अधिकारों और सरकारी सुविधाओं से वंचित न रहे।
ग्रामीणों को बताया गया कि यदि किसी व्यक्ति के पास अपना मुकदमा लड़ने के लिए पर्याप्त आर्थिक संसाधन नहीं हैं, तो वह जिला विधिक सेवा प्राधिकार के पैनल में शामिल अधिवक्ताओं के माध्यम से निःशुल्क कानूनी सहायता प्राप्त कर सकता है।
इसके अलावा लंबे समय से लंबित पारिवारिक विवाद, बिजली, बैंक सहित अन्य निपटारा योग्य मामलों को लोक अदालत के माध्यम से शीघ्र सुलझाने की जानकारी दी गई। ग्रामीणों से ऐसे मामलों के निपटारे के लिए व्यवहार न्यायालय में आयोजित लोक अदालत का लाभ उठाने की अपील की गई।
कार्यक्रम में बड़का चुंबा के मुखिया राजेंद्र कुशवाहा, उप मुखिया प्रतिनिधि भीम प्रजापति, पंचायत समिति सदस्य गुंजन देवी, ग्रामीण एवं समाजसेवी अमित बेलथरिया, सुदामा करमाली, अरुण गोस्वामी, जोगेंद्र रजक, मीणा देवी, कलावती देवी, सुमन देवी, निर्मला देवी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम में पारा लीगल वॉलंटियर्स विनोद कुमार महतो, संध्या कुमारी, आजाद कुमार, अजय प्रजापति, मीना कुमारी, रामदेव महतो, निरंजन कुमार एवं विमल राम की भी उपस्थिति रही।