रांची रोड रेलवे स्टेशन पर दुर्गा पूजा की तैयारियां जोरों पर, 11 से 20 अक्टूबर तक होंगे धार्मिक-सांस्कृतिक कार्यक्रम

Spread the love

रामगढ़ कैंट, झारखंड :  रामगढ़ स्थित रांची रोड रेलवे स्टेशन परिसर के दुर्गा मंदिर में शारदीय नवरात्र और दशहरा पर्व को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। यहां 11 अक्टूबर से 20 अक्टूबर तक धार्मिक, सांस्कृतिक और मनोरंजन कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। पूजा को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है।

रांची रोड रेलवे स्टेशन पूजा समिति की अध्यक्ष नीलम एक्का ने बताया कि यहां दुर्गा पूजा की शुरुआत वर्ष 1940 में तत्कालीन स्टेशन मास्टर बी.एन. चटर्जी ने की थी। तब से यह पूजा परंपरागत रूप से आयोजित की जा रही है। यहां मां दुर्गा की प्रतिमा पुरुलिया, पश्चिम बंगाल के प्रसिद्ध कलाकार मदन जी द्वारा तैयार की जाती है। पूजा बंगाली रीति-रिवाजों के अनुसार संपन्न होती है, जबकि धार्मिक अनुष्ठान वर्धमान निवासी पुरोहित गुरुनाथ बनर्जी कराते हैं।

इस वर्ष भी मंदिर परिसर में विशेष पूजा-अर्चना के साथ 108 दीपों से महाआरती का आयोजन किया जाएगा। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मंदिर परिसर और मेले में विभिन्न व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

पूजा समिति के कार्यकारी अध्यक्ष अवधेश राम ने बताया कि दशहरा केवल धार्मिक अनुष्ठान का पर्व नहीं, बल्कि सामाजिक एकता और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक भी है। पूजा को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा एवं भीड़ प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसके तहत सीसीटीवी कैमरे, वॉच टावर और स्थानीय पुलिस बल की तैनाती की व्यवस्था की जाएगी। समिति के स्वयंसेवक भी श्रद्धालुओं की सहायता और व्यवस्था बनाए रखने में सक्रिय रहेंगे। साथ ही, अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी नजर रखी जाएगी।

समिति में नीलम एक्का अध्यक्ष, अवधेश राम कार्यकारी अध्यक्ष, रोहित कुमार सचिव, राजीव रंजन कोषाध्यक्ष तथा विनोद शाह उपसचिव के रूप में चुने गए हैं। इसके अलावा नीलकमल और शिवु को भी समिति की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

उपरोक्त जानकारी आशीष दास ने दी।