किड्स वर्ल्ड स्कूल में धूमधाम से मना नवरात्रि कन्या पूजन एवं डांडिया महोत्सव

Spread the love

रामगढ़ कैंट, झारखंड :  किड्स वर्ल्ड स्कूल में दुर्गा पूजा के पावन अवसर पर कन्या पूजन एवं डांडिया महोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के बच्चों, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

इस अवसर पर बच्चे रंग-बिरंगी पारंपरिक पोशाकों में सज-धजकर विद्यालय पहुंचे। छोटी-छोटी बच्चियां मां दुर्गा के स्वरूप में नजर आईं, वहीं कुछ बच्चे भगवान श्रीराम और अन्य देवी-देवताओं की वेशभूषा में पहुंचे। बच्चों की आकर्षक वेशभूषा और मनमोहक प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत कन्या पूजन से हुई। इस दौरान छोटी कन्याओं को मां दुर्गा का स्वरूप मानकर उनकी पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद डांडिया महोत्सव का आयोजन हुआ, जिसमें बच्चों ने पारंपरिक संगीत की धुन पर उत्साहपूर्वक नृत्य किया। पूरे विद्यालय परिसर में भक्तिमय और आनंदमय वातावरण बना रहा।

कार्यक्रम में विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं कर्मचारियों ने सक्रिय भूमिका निभाई और बच्चों का उत्साहवर्धन किया। आयोजन का मुख्य उद्देश्य बच्चों को भारतीय संस्कृति, धार्मिक परंपराओं और त्योहारों के महत्व से परिचित कराना था। इस तरह के आयोजनों से बच्चों में सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति सम्मान, आपसी सहयोग और एकता की भावना विकसित होती है।

कार्यक्रम का समापन हर्षोल्लास के साथ हुआ। यह आयोजन बच्चों, शिक्षकों और कर्मचारियों के लिए यादगार रहा। विद्यालय परिवार की ओर से सभी को दुर्गा पूजा की शुभकामनाएं दी गईं।