कुजू के श्रीराम पावर एंड स्टील प्लांट में फिर फर्नेस ब्लास्ट, चार मजदूर घायल ; एक की हालत गंभीर

Spread the love

ढाई महीने के भीतर दूसरी घटना से मजदूरों की सुरक्षा पर उठे सवाल, प्रबंधन ने हादसे को बताया मामूली

घायल मजदूर

कुजू (रामगढ़), झारखंड :   कुजू स्थित श्रीराम पावर एंड स्टील प्लांट में शनिवार की देर शाम करीब 7:30 बजे फर्नेस (भट्ठी) में अचानक ब्लास्ट होने से चार मजदूर घायल हो गए। इनमें एक मजदूर की हालत गंभीर बताई जा रही है, जबकि तीन अन्य को मामूली चोटें आने की सूचना है। घटना के बाद प्लांट परिसर में अफरा-तफरी मच गई। घायलों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

घायल मजदूर

जानकारी के अनुसार, प्लांट में उत्पादन कार्य के दौरान फर्नेस में अचानक विस्फोट हो गया। इसकी चपेट में आने से वहां काम कर रहे चार मजदूर घायल हो गए। सभी घायल मजदूर बिहार के रहने वाले बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद प्लांट में काम कर रहे अन्य मजदूरों के बीच भी दहशत का माहौल बन गया।

बेहतर इलाज की मांग को लेकर हंगामे की सूचना

घटना के बाद घायल सहकर्मियों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की मांग को लेकर प्लांट के अन्य कर्मियों द्वारा हंगामा किए जाने की सूचना है। इसके बाद घायलों को आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि, घायलों के नाम, उन्हें किस अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनकी वर्तमान स्थिति के संबंध में विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।

प्रबंधन ने घटना को बताया मामूली

फर्नेस ब्लास्ट में चार मजदूरों के घायल होने और एक की हालत गंभीर होने की सूचना के बावजूद प्लांट प्रबंधन की ओर से घटना को मामूली बताया गया है। वहीं, हादसे के कारणों और घायलों की स्थिति को लेकर प्रबंधन की ओर से विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। इससे घटना की गंभीरता और औद्योगिक इकाई में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

नौ अगस्त को भी हुआ था ब्लास्ट, मजदूरों की गई थी जान

श्रीराम पावर एंड स्टील प्लांट में ढाई महीने के भीतर इस तरह की दूसरी घटना सामने आने से मजदूरों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। इससे पहले नौ अगस्त 2026 को भी इसी फैक्ट्री में ब्लास्ट होने की घटना हुई थी, जिसमें मजदूरों की मौत हुई थी। पिछली घटना के बाद अब दोबारा फर्नेस ब्लास्ट में चार मजदूरों के घायल होने की सूचना ने औद्योगिक सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

मौके पर पहुंची कुजू ओपी पुलिस

घटना की सूचना मिलने के बाद कुजू ओपी पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। फिलहाल फर्नेस ब्लास्ट के वास्तविक कारणों और सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर आधिकारिक स्तर पर विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।