नागपुर ले जाई जा रही थी नकदी, दस्तावेज नहीं दिखा सके पिकअप सवार दो लोग ; हवाला के पैसे होने की आशंका
दुर्ग (छत्तीसगढ़) :छत्तीसगढ़ के दुर्ग में पुलिस की तलाशी के दौरान एक पिकअप वाहन से चार करोड़ रुपये नकद बरामद किए गए हैं। हैरानी की बात यह है कि इतनी बड़ी रकम को वाहन के अंदर बनाए गए एक गुप्त तहखाने में छिपाकर रखा गया था। नकदी नागपुर ले जाई जा रही थी। शुरुआती जांच में रकम से संबंधित कोई दस्तावेज सामने नहीं आने के बाद पुलिस को इसके हवाला के पैसे होने की आशंका है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
मिली जानकारी के अनुसार, रविवार की रात मुखबिर से सूचना मिलने के बाद दुर्ग पुलिस ने संदिग्ध पिकअप वाहन को रुकवाया। इसके बाद वाहन की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान पुलिस की नजर वाहन के भीतर बनाए गए एक गुप्त तहखाने पर पड़ी। जब उसे खोलकर देखा गया, तो अंदर बड़ी मात्रा में नकदी रखी मिली। नोटों का ढेर देखकर पुलिसकर्मी भी हैरान रह गए।
नकदी के बारे में संतोषजनक जवाब नहीं
पुलिस ने पिकअप में सवार दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। बरामद नकदी और पिकअप वाहन को जब्त कर लिया गया है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में नकदी की कुल राशि चार करोड़ रुपये बताई गई है।
हिरासत में लिए गए दोनों लोग इतनी बड़ी रकम के संबंध में कोई संतोषजनक जानकारी नहीं दे सके। शुरुआती जांच में नकदी से जुड़े दस्तावेज भी प्रस्तुत नहीं किए गए हैं। ऐसे में रकम के हवाला कारोबार से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, नकदी के स्रोत और इसे नागपुर ले जाने के उद्देश्य का खुलासा पुलिस की जांच के बाद ही हो सकेगा।
फिलहाल पुलिस हिरासत में लिए गए दोनों लोगों से पूछताछ कर रही है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि चार करोड़ रुपये किसके हैं, इन्हें कहां से लाया गया था और नागपुर में किसे सौंपा जाना था।