अधिवक्ता अनुष्का चक्रवर्ती को न्याय दिलाने के लिए रामगढ़ में कैंडल मार्च, दोषियों की गिरफ्तारी की मांग

Spread the love

सुभाष चौक पर जुटे अधिवक्ता, नेता और समाजसेवी समेत सैकड़ों लोग; पिता बोले- बेटी को इंसाफ मिलने तक जारी रहेगा संघर्ष

रामगढ़ कैंट, झारखंड :  झारखंड हाईकोर्ट की अधिवक्ता अनुष्का चक्रवर्ती की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में न्याय की मांग को लेकर मंगलवार को रामगढ़ के सुभाष चौक पर कैंडल मार्च निकाला गया। इसमें जिले के कई अधिवक्ताओं, नेताओं, समाजसेवियों और सैकड़ों लोगों ने हिस्सा लिया। सभी ने एक स्वर में मामले के आरोपियों की गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच की मांग की।

अनुष्का चक्रवर्ती गोला निवासी झारखंड आंदोलनकारी स्वर्गीय काली प्रसाद चक्रवर्ती की पोती और सुनील प्रसाद चक्रवर्ती की पुत्री थीं। वर्ष 2024 में उनका विवाह हजारीबाग निवासी कुशाग्र रुद्र के साथ हुआ था।

22 अक्टूबर को फ्लैट में मिला था शव

जानकारी के अनुसार, बीते 22 अक्टूबर को हजारीबाग के बड़कागांव रोड स्थित गुप्ता कॉम्प्लेक्स के फ्लैट संख्या 304 में अनुष्का का शव पंखे से लटका मिला था। इस घटना के बाद मृतका के परिजनों ने इसे हत्या बताते हुए उनके पति कुशाग्र रुद्र के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है।

घटना के पांच दिन बाद भी गिरफ्तारी नहीं होने पर परिजनों और लोगों में नाराजगी है। इसी को लेकर झारखंड के विभिन्न क्षेत्रों में अधिवक्ताओं और समाजसेवियों की ओर से न्याय की मांग को लेकर मार्च निकाले जा रहे हैं।

बेटी को न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रहेगा : सुनील चक्रवर्ती

कैंडल मार्च के दौरान मृतका के पिता सुनील चक्रवर्ती ने कहा कि उनकी बेटी की मौत के मामले में अब तक गिरफ्तारी नहीं होना प्रशासनिक विफलता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि यह बेहद दुखद है और जब तक उनकी बेटी को न्याय नहीं मिलता, वे हर तरह का संघर्ष करने के लिए तैयार हैं।

बचपन से जानता हूं, वह बहादुर और होनहार थी : राजीव जायसवाल

रामगढ़ जिला के सांसद प्रतिनिधि राजीव जायसवाल ने कहा कि उन्होंने अनुष्का को बचपन से देखा था। वह बहुत बहादुर और होनहार लड़की थीं। उन्होंने कहा कि जिस परिस्थिति में फ्लैट में उनका शव मिला, उससे हत्या की आशंका पैदा होती है। इसके बावजूद घटना के पांच दिन बाद भी गिरफ्तारी नहीं होना चिंता का विषय है। उन्होंने इसे प्रशासनिक विफलता बताते हुए मामले में जल्द कार्रवाई की मांग की।

कैंडल मार्च में शामिल लोगों ने अनुष्का चक्रवर्ती को न्याय दिलाने, मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की।

कई अधिवक्ता, नेता और समाजसेवी हुए शामिल

इस मौके पर सरदार अनमोल सिंह, रामगढ़ बार काउंसिल के अध्यक्ष अधिवक्ता आनंद अग्रवाल, विजय जायसवाल, रॉबिन गुप्ता, सत्यजीत सिंह, समाजसेवी आजाद सिंह, तुलसी कुशवाहा, भाजपा नेता अंकित सिंह, महेंद्र मुंडा, कुणाल दास, अमित ठाकुर, शेखर कुमार, कृष्ण कुमार, विश्वास पोद्दार, आकाश पांडे, विनोद गोस्वामी, राजकुमार यादव, सुजीत सोनकर, द्वारिका प्रसाद, मीना कुमारी, मदन शर्मा, सरोज गिरी, नौशाद आलम, किशोर महतो और सीमा चौधरी सहित दर्जनों अधिवक्ता एवं कई समाजसेवी उपस्थित रहे।