झारखंड स्टेट बार काउंसिल के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और बीसीआई सदस्य का चुनाव 4 नवंबर को

Spread the love

तीनों पदों के लिए उम्मीदवारों ने दाखिल किया नामांकन, 28 अक्टूबर को होगी पत्रों की जांच

रांची, झारखंड : झारखंड स्टेट बार काउंसिल के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और बार काउंसिल ऑफ इंडिया (बीसीआई) के सदस्य पद के लिए चुनाव 4 नवंबर को होगा। चुनाव को लेकर उम्मीदवारों ने अपना नामांकन दाखिल कर दिया है। 28 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी, जबकि 29 अक्टूबर को उम्मीदवार अपना नाम वापस ले सकेंगे।

नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद 29 अक्टूबर को शाम पांच बजे उम्मीदवारों की अंतिम सूची जारी की जाएगी।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी न्यायमूर्ति अंबुज नाथ ने बताया कि अध्यक्ष पद के लिए अभय कुमार चतुर्वेदी, निलेश कुमार और पवन रंजन खत्री ने नामांकन दाखिल किया है। वहीं, उपाध्यक्ष पद के लिए एमके श्रीवास्तव, अनिल कुमार महतो, रिंकू भकत और मधुलता रानी चुनाव मैदान में हैं।

इसी तरह, बार काउंसिल ऑफ इंडिया (बीसीआई) के सदस्य पद के लिए प्रशांत कुमार सिंह, संजय कुमार विद्रोही और मनोज कुमार-दो ने नामांकन दाखिल किया है।

नामांकन पत्रों की जांच और नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद चुनाव में शामिल होने वाले उम्मीदवारों की तस्वीर स्पष्ट हो जाएगी। चार नवंबर को होने वाले इस चुनाव पर राज्य के अधिवक्ताओं की नजरें टिकी हैं।