गायत्री भंडार, शुभम ट्रेडिंग और मंगी ट्रेडर्स के आसपास जांच अभियान; दुकानदारों को साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन का निर्देश
रामगढ़, झारखंड :आम लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उपायुक्त ऋतुराज के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने बाजार समिति एवं आसपास के क्षेत्रों में औचक जांच अभियान चलाया। इस दौरान विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थों के विधिक नमूने संग्रहित कर जांच के लिए खाद्य जांच प्रयोगशाला, रांची भेजे गए।
जांच अभियान के दौरान बाजार समिति स्थित गायत्री भंडार, शुभम ट्रेडिंग और मंगी ट्रेडर्स के आसपास खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच की गई। इस क्रम में गायत्री भंडार से सूजी, शुभम ट्रेडिंग से एमडीएच गरम मसाला तथा मंगी ट्रेडर्स से मयूर हल्दी पाउडर और मयूर मिर्च पाउडर के नमूने लिए गए।
विभाग की ओर से सभी नमूनों को गुणवत्ता की जांच के लिए रांची स्थित खाद्य जांच प्रयोगशाला भेजा गया है। प्रयोगशाला की जांच रिपोर्ट के आधार पर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता के संबंध में स्थिति स्पष्ट होगी।
दस्तावेजों की जांच , दुकानदारों को निर्देश
अभियान के दौरान संबंधित खाद्य प्रतिष्ठानों के आवश्यक दस्तावेजों की भी जांच की गई। खाद्य सुरक्षा पदाधिकारियों ने प्रतिष्ठान संचालकों को खाद्य सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने तथा दुकानों और भंडारण स्थलों में नियमित साफ-सफाई बनाए रखने का निर्देश दिया।
दुकानदारों को स्पष्ट हिदायत दी गई कि एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री की बिक्री नहीं करें और किसी भी परिस्थिति में प्रतिबंधित खाद्य पदार्थों का विक्रय न हो। खाद्य सामग्री के सुरक्षित भंडारण और उसकी गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने को भी कहा गया।
आगे भी जारी रहेगा जांच अभियान
खाद्य सुरक्षा विभाग ने कहा कि आम लोगों के स्वास्थ्य की सुरक्षा और बाजार में गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए इस तरह के औचक जांच अभियान आगे भी जारी रहेंगे। खाद्य कारोबारियों को निर्धारित नियमों का पालन करने और उपभोक्ताओं को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है।
इस जांच अभियान में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी अदिति सिंह, खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी डेरिक तिग्गा तथा खाद्य सुरक्षा कार्यालय के लुकेश रवानी उपस्थित रहे।