सीसीएल अस्पताल के सामने स्थित बस्ती में हुई कार्रवाई, अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत होगी कार्रवाई
भुरकुंडा (रामगढ़), झारखंड : जिले में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। शुक्रवार को भुरकुंडा थाना क्षेत्र के सीसीएल अस्पताल के सामने स्थित बस्ती में उत्पाद विभाग की टीम ने तीन अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी की। इस दौरान करीब 12 लीटर अवैध चुलाई शराब और 40 किलोग्राम जावा महुआ बरामद किया गय।
जानकारी के अनुसार, उपायुक्त ऋतुराज के निर्देश एवं सहायक आयुक्त उत्पाद, रामगढ़ के मार्गदर्शन में जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के विरुद्ध लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में गुप्त सूचना के आधार पर उत्पाद बल की टीम ने शुक्रवार को भुरकुंडा क्षेत्र में कार्रवाई की। तीन अलग-अलग ठिकानों पर की गई छापेमारी के दौरान अवैध चुलाई शराब और शराब निर्माण में इस्तेमाल होने वाला जावा महुआ बरामद किया गया।
उत्पाद विभाग की टीम अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। आरोपियों के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण एवं बिक्री के खिलाफ छापेमारी अभियान आगे भी जारी रहेगा। इस तरह की गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वाले लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।