कुजू (रामगढ़), झारखंड : सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) के कुजू क्षेत्र के महाप्रबंधक राजीव कुमार सिन्हा के सेवानिवृत्त होने पर समारोह आयोजित कर उन्हें भावभीनी विदाई दी गई। इस अवसर पर नवनियुक्त महाप्रबंधक फूल झा ने पदभार ग्रहण किया। समारोह में अधिकारियों, कर्मचारियों एवं श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने नए महाप्रबंधक का स्वागत किया और सेवानिवृत्त महाप्रबंधक को शुभकामनाओं के साथ विदाई दी।
विदाई समारोह में राजीव कुमार सिन्हा ने कुजू क्षेत्र में अपने कार्यकाल के दौरान अधिकारियों, कर्मचारियों, श्रमिक संगठनों एवं स्थानीय ग्रामीणों से मिले सहयोग की सराहना की। उन्होंने कहा कि सभी के सामूहिक प्रयास से क्षेत्र के संचालन और विकास कार्यों को आगे बढ़ाने में मदद मिली। कुजू क्षेत्र से अपने जुड़ाव को यादगार बताते हुए उन्होंने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।
नवनियुक्त महाप्रबंधक फूल झा ने कहा कि कुजू क्षेत्र के विकास के लिए सभी का सहयोग आवश्यक है। उनकी प्राथमिकता क्षेत्र के उत्पादन और कोयला प्रेषण के निर्धारित लक्ष्य को हासिल करना होगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि क्षेत्र की बंद परियोजनाओं को दोबारा चालू करने और उत्पादन बढ़ाने की दिशा में पहल की जाएगी।
इस दौरान नवनियुक्त महाप्रबंधक फूल झा ने सेवानिवृत्त महाप्रबंधक राजीव कुमार सिन्हा को पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया। वहीं, अधिकारियों एवं श्रमिक संगठनों के पदाधिकारियों ने फूल-माला पहनाकर नए महाप्रबंधक का स्वागत किया।
कार्यक्रम का संचालन पीयूष ने किया। समारोह में महाप्रबंधक (संचालन) अरविंद शर्मा, एसओपी सुमित सारंगी, करमा परियोजना पदाधिकारी रामेश्वर मुंडा, सुशील कुमार सिंह, अभिमन्यु सिंह, दिग्विजय नारायण सिंह, विमल आजाद, परशुराम सिंह, आशुतोष कुमार, पवन सिंह, हेमंत सिंह, भूषण यादव, रामभजन लाल महतो, तेजनाथ महतो, जगदीश महतो, रतन प्रसाद, ब्रह्मदेव राम, रामकुमार सिंह, श्याम सिंह, मो. अताउल्लाह एवं नंदकिशोर प्रसाद सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।