अरगड्डा महाप्रबंधक सत्यजीत कुमार को मिला सीसीएल का सर्वश्रेष्ठ महाप्रबंधक पुरस्कार, कोलकाता में हुए सम्मानित

Spread the love

गिद्दी ( हज़ारीबाग़ ), झारखंड  :  कोल इंडिया के 52वें स्थापना दिवस के अवसर पर अरगड्डा क्षेत्र के महाप्रबंधक सत्यजीत कुमार को सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) के सर्वश्रेष्ठ महाप्रबंधक के पुरस्कार से सम्मानित किया गया। रविवार को कोलकाता स्थित कोल इंडिया लिमिटेड (सीआईएल) मुख्यालय में आयोजित समारोह में कोल इंडिया के चेयरमैन बी. साईराम ने उन्हें यह सम्मान प्रदान किया।

पूरे सीसीएल में सर्वश्रेष्ठ महाप्रबंधक के रूप में चयनित होना सत्यजीत कुमार के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इस सम्मान से अरगड्डा कोयला क्षेत्र का गौरव बढ़ा है। उनकी इस सफलता पर क्षेत्र के अधिकारियों, कर्मचारियों और विभिन्न ट्रेड यूनियनों के नेताओं ने प्रसन्नता जाहिर करते हुए उन्हें बधाई दी।

सम्मान प्राप्त करने के बाद महाप्रबंधक सत्यजीत कुमार ने कहा कि यह पुरस्कार केवल उनका व्यक्तिगत सम्मान नहीं है, बल्कि अरगड्डा क्षेत्र के सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और श्रमिकों के सामूहिक परिश्रम, समर्पण एवं सहयोग का परिणाम है। सभी के संयुक्त प्रयासों से क्षेत्र में बेहतर कार्य करने का अवसर मिला है।

उन्होंने इस उपलब्धि के लिए कोल इंडिया और सीसीएल के वरिष्ठ अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। साथ ही कहा कि आने वाले समय में भी टीम भावना के साथ काम करते हुए उत्पादन, उत्पादकता और सुरक्षा के क्षेत्र में बेहतर परिणाम हासिल करने का प्रयास जारी रहेगा।