चितरपुर के शिवाय आयरन एंड स्टील प्लांट में भट्ठी ब्लास्ट, कई मजदूरों के घायल होने की आशंका

Spread the love

धमाके के बाद प्लांट बंद, काम पर पहुंचे कर्मियों को लौटाया गया,  पुलिस कर रही मामले की जांच

फैक्ट्री बंद होने से लौटते मजदूर

चितरपुर (रामगढ़), झारखंड : रजरप्पा थाना क्षेत्र के मायल गावादेवती स्थित शिवाय आयरन एंड स्टील प्राइवेट लिमिटेड में रविवार सुबह भट्ठी ब्लास्ट होने की घटना से इलाके में दहशत फैल गई। घटना में कुछ मजदूरों के घायल होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, प्लांट प्रबंधन ने किसी के हताहत होने से इनकार किया है।

जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब सात बजे प्लांट की भट्ठी में लगातार तीन से चार बार विस्फोट हुआ। धमाके इतने जोरदार थे कि कई किलोमीटर दूर तक इसकी आवाज सुनाई दी। घटना के बाद प्लांट में कामकाज बंद कर दिया गया। सुबह करीब नौ बजे काम पर पहुंचे कर्मियों को भी वापस लौटा दिया गया।

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि प्लांट के मुख्य गेट पर पहचान संबंधी कोई बोर्ड नहीं लगाया गया है। सुरक्षा मानकों की अनदेखी को लेकर भी ग्रामीणों ने सवाल उठाए हैं। वहीं, घटना के समय मौजूद एक कर्मी ने नाम प्रकाशित नहीं करने की शर्त पर बताया कि कुछ दिन पूर्व मेंटेनेंस कर्मियों ने भट्ठी में खराबी होने और उसे नहीं चलाने की सलाह दी थी। इसके बावजूद भट्ठी चालू की गई, जिसके बाद यह घटना हुई।

तकनीकी खराबी से हुआ ब्लास्ट, कोई हताहत नहीं : सुपरवाइजर

इस संबंध में शिवाय आयरन एंड स्टील प्राइवेट लिमिटेड के सुपरवाइजर गुलाम रवानी ने दूरभाष पर बताया कि तकनीकी खराबी के कारण भट्ठी में ब्लास्ट हुआ। हालांकि, घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है।

इधर, रजरप्पा थाना प्रभारी कृष्ण कुमार ने बताया कि भट्ठी ब्लास्ट होने की सूचना मिली है। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल कर रही है।