मुर्रामकलां में सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट निर्माण में आएगी तेजी, 31 मार्च 2027 तक पूरा करने का निर्देश

Spread the love

रामगढ़, झारखंड : उपायुक्त ऋतुराज ने रामगढ़ नगर परिषद क्षेत्र के मुर्रामकलां स्थित ट्रेंचिंग ग्राउंड में प्रस्तावित सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट (ठोस अपशिष्ट प्रबंधन) प्रोसेसिंग प्लांट स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण की तैयारियों एवं चल रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों और एजेंसी के प्रतिनिधियों को आवश्यक निर्देश दिए।

उल्लेखनीय है कि करीब दो माह पूर्व उपायुक्त ने नगर परिषद एवं संबंधित एजेंसी को प्रस्तावित प्लांट स्थल पर जमा लगभग 42 हजार मीट्रिक टन से अधिक पुराने कचरे को हटाने का निर्देश दिया था। लगातार भारी बारिश के कारण कचरा हटाने का काम चुनौतीपूर्ण हो गया था। हालांकि, उपायुक्त द्वारा नियमित निगरानी और पिछले दो माह में तीन बार स्थल निरीक्षण किए जाने के बाद अब प्लांट निर्माण के लिए स्थल पूरी तरह तैयार हो गया है।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने निर्माण एजेंसी को प्लांट निर्माण की विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्लांट निर्माण के साथ-साथ बाउंड्री वॉल का निर्माण भी समानांतर रूप से कराया जाए। इसके लिए अलग-अलग टीमों का गठन कर कार्य में तेजी लाने को कहा गया। प्लांट से संबंधित सभी आवश्यक आधारभूत संरचनाओं का निर्माण हर हाल में 31 मार्च 2027 तक पूरा करने का निर्देश दिया गया, ताकि प्रतिदिन निकलने वाले कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निष्पादन शुरू हो सके।

उपायुक्त ने रामगढ़ नगर परिषद एवं रामगढ़ छावनी परिषद के अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्लांट निर्माण पूरा होने तक प्रतिदिन उत्पन्न होने वाले कचरे के प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया जाए। उपलब्ध मशीनरी और संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए कचरे की व्यवस्थित डंपिंग एवं प्रबंधन सुनिश्चित किया जाए।

वहीं, पुराने जमा कचरे के निष्पादन को लेकर नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी ने बताया कि इसके लिए विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर) तैयार कराया जाएगा। विभागीय अनुमोदन मिलने के बाद नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई कर पुराने कचरे का निष्पादन किया जाएगा।

इस दौरान उपायुक्त ने स्थल पर चल रहे बाउंड्री वॉल निर्माण कार्य का भी निरीक्षण किया। कार्य की धीमी गति पर नाराजगी जताते हुए संबंधित एजेंसी को तेजी लाने और निर्धारित समय-सीमा में निर्माण पूरा करने का निर्देश दिया।

उपायुक्त ने कहा कि रामगढ़ में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की स्थायी व्यवस्था विकसित करना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी संबंधित एजेंसियां एवं निकाय आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूरा करें।

निरीक्षण के दौरान नगर परिषद अध्यक्ष कुसुमलता कुमारी, उपाध्यक्ष रंधीर कुमार, कार्यपालक पदाधिकारी अजमल हुसैन, नगर प्रबंधक राजीव रंजन एवं मेघनाथ चौधरी, रामगढ़ छावनी परिषद के प्रतिनिधि, संबंधित एजेंसी के प्रतिनिधि प्रमोद कुमार सहित अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।