रामगढ़ चैंबर की बैठक में उठा शहर की बुनियादी समस्याओं का मुद्दा, वार्ड 7 और 8 में भी जी प्लस चार नक्शा पास करने की मांग

Spread the love

पार्किंग, जर्जर बिजली पोल-तार और स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था दुरुस्त करने पर भी हुई चर्चा

रामगढ़ कैंट, झारखडं : रामगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के सत्र 2025-27 के द्वितीय वर्ष की सातवीं कार्यकारिणी बैठक मंगलवार देर शाम बिजुलिया स्थित चैंबर भवन के सभागार में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता चैंबर अध्यक्ष मनजीत साहनी ने की, जबकि संचालन मानद सचिव मनोज कुमार चतुर्वेदी उर्फ मानु ने किया।

बैठक की शुरुआत में अध्यक्ष मनजीत साहनी ने उपस्थित कार्यकारिणी सदस्यों एवं अतिथियों का स्वागत किया। इसके बाद मानद सचिव मनोज कुमार चतुर्वेदी उर्फ मानु ने चैंबर को प्राप्त पत्रों की जानकारी सदन के समक्ष रखी। पिछली बैठक की कार्यवाही के विवरण को अनुमोदित करने का प्रस्ताव अध्यक्ष द्वारा रखा गया, जिसे कार्यकारिणी सदस्यों, पूर्व अध्यक्षों एवं उपस्थित सदस्यों ने सर्वसम्मति से पारित किया।

इसके बाद शहर की स्थानीय व्यापारिक समस्याओं, औद्योगिक विकास और सरकारी नीतियों से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। अध्यक्ष मनजीत साहनी ने चैंबर की भावी कार्ययोजना की जानकारी देते हुए सदस्यों से शहर के विकास और व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए सुझाव मांगे।

बैठक में छावनी परिषद के नए गजट में प्रस्तावित सुधार अधिनियम के तहत शहर के हृदय स्थल माने जाने वाले वार्ड संख्या 7 और 8 में भी अन्य वार्डों की तरह जी प्लस चार भवन निर्माण के नक्शे को अनुमति देने की मांग प्रमुखता से उठाई गई। सदस्यों का कहना था कि शहर के इन महत्वपूर्ण वार्डों में भी भवन निर्माण से संबंधित नियमों में समानता होनी चाहिए।

इसके अलावा शहर में व्यवस्थित पार्किंग की व्यवस्था, जर्जर बिजली पोल एवं तारों की मरम्मत, स्ट्रीट लाइट लगाने तथा खराब स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया गया। उपस्थित कार्यकारिणी सदस्यों, पूर्व अध्यक्षों, आमंत्रित सदस्यों एवं अन्य लोगों ने अपने-अपने सुझाव अध्यक्ष मनजीत साहनी के समक्ष रखे। अध्यक्ष ने इन सुझावों को आगे की कार्ययोजना में शामिल कर संबंधित स्तर पर पहल करने की बात कही।

बैठक में शहर की अन्य नागरिक एवं व्यापारिक समस्याओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई। अंत में चैंबर उपाध्यक्ष अमरेश गणक ने सभी पदाधिकारियों, पूर्व अध्यक्षों, अतिथियों एवं सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। इसके बाद राष्ट्रगान के साथ बैठक का समापन हुआ।

बैठक में एफजेसीसीआई के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष विनय कुमार अग्रवाल, चैंबर के पूर्व अध्यक्ष आनंद अग्रवाल, दुर्गा प्रसाद सिंह उर्फ वकील सिंह, मनजी सिंह, विमल बुधिया, श्याम सुंदर परशुरामपुरिया, उपाध्यक्ष अमरेश गणक, मानद सचिव मनोज कुमार चतुर्वेदी उर्फ मानु, कोषाध्यक्ष दिनेश पोद्दार, सहसचिव इंद्रपाल सिंह सैनी, कार्यकारिणी सदस्य विनय कुमार सिंह, मुरारी लाल अग्रवाल, राहुल जैन पाटनी, अभिजीत कुमार बीजी, अधिवक्ता विवेक अग्रवाल, छावनी परिषद के नामित सदस्य अनमोल सिंह, तेजिंदर सिंह सोनी, राजकुमार अग्रवाल, परविंदर सिंह उर्फ पप्पू जसल, रवि सिंह, बंटूक सिंह सहित कई लोग उपस्थित थे।