5.88 ग्राम ब्राउन शुगर, दो स्कूटी और तीन मोबाइल बरामद ; रांची से रामगढ़ तक फैले नेटवर्क का खुलासा
रामगढ़ कैंट, झारखंड :आगामी त्योहारों के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री पर रोक लगाने के लिए रामगढ़ पुलिस लगातार छापेमारी अभियान चला रही है। इसी क्रम में रजरप्पा पुलिस ने ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री से जुड़े छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से कुल 5.88 ग्राम ब्राउन शुगर, दो स्कूटी और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं।,
पुलिस के अनुसार, तीन नवंबर 2026 को शाम करीब 5:10 बजे पुलिस अधीक्षक रामगढ़ को गुप्त सूचना मिली थी कि एक स्कूटी पर सवार तीन व्यक्ति महुआटांड़ से बोरोबिन की ओर आने वाले हैं। उनके पास ब्राउन शुगर समेत अन्य मादक पदार्थ होने की सूचना थी।
सूचना के सत्यापन और त्वरित कार्रवाई के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रामगढ़ के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल (एसआईटी) का गठन किया गया। इसमें रजरप्पा थाना प्रभारी एवं अन्य पुलिस पदाधिकारियों को शामिल किया गया। पुलिस टीम ने बोरोबिन पुल के पास बैरियर लगाकर महुआटांड़ की ओर से आने वाले वाहनों की जांच शुरू की।
इसी दौरान शाम करीब 7:45 बजे एक स्कूटी पर सवार तीन युवकों को रोककर तलाशी ली गई। पूछताछ में उनकी पहचान रांची जिले के अनगड़ा थाना क्षेत्र के डडुआ, जोन्हा निवासी दिवाकर कुमार ठाकुर (28 वर्ष), इंद्रा आवास कॉलोनी, जोन्हा निवासी कृष्णा नायक (32 वर्ष) और महुआदीपा निवासी आनंद लकड़ा (20 वर्ष) के रूप में हुई।
पूछताछ में तीन अन्य आरोपियों के नाम आए सामने
पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए तीनों आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वे रजरप्पा क्षेत्र के दीपक रजक, आकाश सिंह उर्फ गोंदु और हेमंत राजभर से ब्राउन शुगर खरीदकर रांची एवं आसपास के इलाकों में बेचते थे। साथ ही स्वयं भी इसका सेवन करते थे। आरोपियों ने बताया कि तीन नवंबर को भी उन्होंने महुआटांड़ जाने वाले रास्ते में एक सुनसान जंगली स्थान पर उक्त लोगों से ब्राउन शुगर खरीदी थी।
इसके बाद पुलिस टीम ने छापेमारी कर कथित आपूर्तिकर्ताओं को भी गिरफ्तार कर लिया। इनमें रजरप्पा प्रोजेक्ट निवासी दीपक रजक (19 वर्ष), रजरप्पा प्रोजेक्ट स्टेडियम के पास रहने वाला आकाश सिंह उर्फ गोंदु (23 वर्ष) और महुआटोली निवासी हेमंत राजभर (27 वर्ष) शामिल हैं।
ये सामान हुए बरामद
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान कुल 5.88 ग्राम ब्राउन शुगर, दो स्कूटी/मोटरसाइकिल और तीन मोबाइल फोन जब्त किए हैं। इस मामले में रजरप्पा थाना कांड संख्या 139/26, दिनांक 3 नवंबर 2026 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम-पते
दिवाकर कुमार ठाकुर (28 वर्ष), पिता विजय कुमार ठाकुर, निवासी डडुआ, जोन्हा, थाना अनगड़ा, जिला रांची।
कृष्णा नायक (32 वर्ष), पिता कलपु नायक, निवासी इंद्रा आवास कॉलोनी, जोन्हा, थाना अनगड़ा, जिला रांची।
आनंद लकड़ा (20 वर्ष), पिता सोमा लकड़ा, निवासी महुआदीपा, थाना अनगड़ा, जिला रांची।
दीपक रजक (19 वर्ष), पिता नागेश्वर रजक, निवासी रजरप्पा प्रोजेक्ट, थाना रजरप्पा, जिला रामगढ़।
आकाश सिंह उर्फ गोंदु (23 वर्ष), पिता अजय सिंह, निवासी रजरप्पा प्रोजेक्ट स्टेडियम के पास, थाना रजरप्पा, जिला रामगढ़।
हेमंत राजभर (27 वर्ष), पिता गिरवाल राजभर, निवासी महुआटोली, थाना रजरप्पा, जिला रामगढ़।
छापेमारी दल में ये पुलिस पदाधिकारी थे शामिल
कार्रवाई में रजरप्पा थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक कृष्णा कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक संजय कुमार रजक, पुलिस अवर निरीक्षक रंजीत कुमार महतो, पुलिस अवर निरीक्षक रोहित राज सिंह, पुलिस अवर निरीक्षक अमित कुमार (गोला थाना), रामगढ़ की तकनीकी शाखा के कर्मी एवं थाना सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।