रामगढ़, झारखंड : खेल के मैदान में रामगढ़ की बेटियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए जिले को गौरवान्वित किया है। दुमका के गांधी मैदान में आयोजित तीन दिवसीय नौवीं मिनी झारखंड राज्य वॉलीबॉल चैंपियनशिप-2026 में पोचरा गांव की बालिकाओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अंडर-14 बालिका वर्ग का खिताब अपने नाम कर लिया। फाइनल मुकाबले में रामगढ़ की टीम ने पूर्वी सिंहभूम को हराकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर मंगलवार को उपायुक्त ऋतुराज ने अपने कार्यालय कक्ष में विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाते हुए उन्हें विभिन्न खेल सामग्रियां भी प्रदान कीं। उपायुक्त ने जिला खेल पदाधिकारी संजीत कुमार को निर्देश दिया कि जिले के खिलाड़ियों को खेल मैदान और जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने में किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन प्रतिभावान खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने और उनके विकास के लिए हरसंभव सहयोग करेगा।
प्रतियोगिता में झारखंड के सात जिलों की टीमों ने हिस्सा लिया था। कड़े मुकाबलों के बीच रामगढ़ की खिलाड़ियों ने बेहतर तालमेल, अनुशासन और खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए खिताब पर कब्जा जमाया। व्यक्तिगत प्रदर्शन के लिए रामगढ़ की रोशनी कुमारी को बेस्ट अटैकर और निशी कुमारी को बेस्ट लिफ्टर के पुरस्कार से नवाजा गया।
टीम की इस शानदार सफलता में परी कुमारी, निधि कुमारी, भावना कुमारी, माही कुमारी, रोशनी, स्नेह कुमारी और निशा कुमारी ने अहम भूमिका निभाई। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से पोचरा गांव सहित पूरे रामगढ़ जिले में खुशी का माहौल है।
स्थानीय लोगों और खेल प्रेमियों ने इसे जिले के लिए बड़ी उपलब्धि बताते हुए खिलाड़ियों को बधाई दी। पोचरा की बेटियों की इस जीत ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि उचित अवसर और प्रोत्साहन मिलने पर ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाएं भी राज्य स्तर पर अपनी पहचान बना सकती हैं।