रामगढ़, झारखंड : छठ महापर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। उपायुक्त ऋतुराज के निर्देश पर मंगलवार को नगर परिषद क्षेत्र सहित जिले के विभिन्न प्रखंडों में स्थित छठ घाटों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान अधिकारियों ने घाटों की स्थिति का जायजा लेते हुए साफ-सफाई और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर आवश्यक निर्देश दिए।
नगर परिषद क्षेत्र में संबंधित अधिकारियों ने विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया। वहीं प्रखंड विकास पदाधिकारियों और अंचल अधिकारियों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों में घाटों की व्यवस्था देखी। निरीक्षण के दौरान घाटों की साफ-सफाई, पहुंच पथ, जलस्तर, रोशनी, पेयजल और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई।
उपायुक्त ऋतुराज ने निर्देश दिया कि छठ पर्व से पहले सभी घाटों की नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए। घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों को दुरुस्त करने के साथ जरूरत के अनुसार मरम्मत और समतलीकरण का कार्य भी प्राथमिकता से पूरा कराया जाए। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पर्याप्त रोशनी, पेयजल और स्वच्छता की व्यवस्था करने को कहा गया है।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया है। अधिकारियों से कहा गया है कि घाटों पर गहरे और खतरनाक जल वाले स्थानों को चिह्नित कर वहां बैरिकेडिंग कराई जाए, ताकि छठव्रतियों और श्रद्धालुओं को स्नान करने तथा भगवान सूर्य को अर्घ्य देने के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।
इसके अलावा घाटों के आसपास कचरा प्रबंधन और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने को कहा गया है। उपायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ पर्व से पहले सभी तैयारियां पूरी करने और नियमित रूप से घाटों का निरीक्षण करने का निर्देश दिया है।
जिला प्रशासन का प्रयास है कि छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं और व्रतियों को बेहतर सुविधाएं मिलें तथा पूरा आयोजन सुरक्षित, स्वच्छ और व्यवस्थित माहौल में संपन्न हो।