रामगढ़, झारखंड : झारखंड की लोककला और सांस्कृतिक विरासत को समर्पित अंतर जिला सोहराय महोत्सव में श्री कृष्ण विद्या मंदिर की छात्रा निवृत्ति गुप्ता ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए नृत्य प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान हासिल किया। हजारीबाग में आयोजित इस महोत्सव में राज्य के विभिन्न जिलों से आए प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया था।
निवृत्ति की इस उपलब्धि पर विद्यालय में आयोजित प्रातःकालीन सभा में उन्हें सम्मानित किया गया। प्राचार्या गुरप्रीत कौर और उप-प्राचार्य विजय तिवारी ने मंच पर उन्हें सम्मानित करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर निवृत्ति की माता उपासना रानी और पिता नीरज कुमार गुप्ता भी उपस्थित रहे।
विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष एवं अधिवक्ता आनंद अग्रवाल ने भी निवृत्ति को बधाई देते हुए कहा कि अपनी संस्कृति और लोक परंपराओं से जुड़कर उन्हें अपनी प्रतिभा के माध्यम से प्रस्तुत करना एक विशेष कला है। प्रत्येक बच्चे के भीतर कोई न कोई विशिष्ट प्रतिभा छिपी होती है, जरूरत केवल उसे पहचानने और निखारने की है।
निवृत्ति की इस सफलता से विद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है। विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों ने इसे छात्रा की मेहनत, लगन और सांस्कृतिक रुचि का परिणाम बताते हुए उन्हें आगे भी बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया।