मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन पैतृक गांव नेमरा में ‘बाहा पर्व’ में हुए शामिल

Spread the love

जाहेर थान में पूजा-अर्चना कर राज्य की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की

नेमरा (रामगढ़), झारखंड : रामगढ़, झारखंड: राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपने पैतृक गांव नेमरा में आयोजित पारंपरिक ‘बाहा पर्व’ में सपरिवार शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने गांव के जाहेर थान में पारंपरिक विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर राज्यवासियों की सुख, समृद्धि, खुशहाली और उन्नति की कामना की।

मुख्यमंत्री ने नेमरा गांव स्थित जाहेर थान पहुंचकर ग्रामीणों के साथ ‘बाहा पूजा’ में भाग लिया। परंपरा के अनुसार पूजन कार्य गांव के नाइके बाबा (पाहन) चैतन टुडू तथा कुडम नाइके बाबा (उप पाहन) छोटू बेसरा द्वारा संपन्न कराया गया। मुख्यमंत्री अपने निवास स्थान से ग्रामीणों के साथ पदयात्रा करते हुए जाहेर थान पहुंचे।

मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर ग्रामीणों में उत्साह

हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी मुख्यमंत्री का अपने पैतृक गांव में ‘बाहा पर्व’ में शामिल होना ग्रामीणों के लिए विशेष उत्साह का कारण बना। मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर नेमरा सहित आसपास के क्षेत्रों के लोग काफी उत्साहित नजर आए।

ग्रामीणों ने पारंपरिक संस्कृति के अनुरूप ढोल-नगाड़ा और मांदर बजाते हुए मुख्यमंत्री का स्वागत किया और उनके साथ जाहेर थान तक पहुंचे। इस दौरान मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने स्वयं मांदर बजाकर ग्रामीणों का उत्साह बढ़ाया। मौके पर उपस्थित लोगों ने मुख्यमंत्री का हार्दिक अभिनंदन और स्वागत किया।

सपरिवार दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे नेमरा

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपनी धर्मपत्नी विधायक कल्पना सोरेन सहित सपरिवार दो दिवसीय दौरे पर नेमरा पहुंचे हैं। मुख्यमंत्री के आगमन की सूचना मिलते ही आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग नेमरा गांव पहुंचे और उनसे मुलाकात की।

मुख्यमंत्री ने भी आत्मीयता के साथ लोगों से मुलाकात की और उनकी बातें सुनीं। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित सभी लोगों को ‘बाहा पर्व’ की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं।