रामगढ़, झारखंड: मंत्री जोगेंद्र महतो के काफिले की स्कॉर्ट गाड़ी स्कॉर्पियो से टकराई, सब-इंस्पेक्टर घायल

Spread the love

रामगढ़, झारखंड: रामगढ़ जिले में रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब मंत्री के काफिले को स्कॉर्ट कर रही पुलिस की गाड़ी अचानक सामने से आ रही एक स्कॉर्पियो से टकरा गई। यह घटना रामगढ़ थाना क्षेत्र के छत्तर मांडू के पास हुई, जब झारखंड सरकार के उत्पाद एवं पेयजल मंत्री जोगेंद्र महतो अपने मुरुबंदा स्थित आवास से रांची जा रहे थे।

जानकारी के अनुसार मंत्री के काफिले को सुरक्षा देने के लिए पुलिस की स्कॉर्ट गाड़ी आगे चल रही थी। इसी दौरान रामगढ़ से कसमार की ओर जा रही एक स्कॉर्पियो से उसकी सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पुलिस का वाहन क्षतिग्रस्त हो गया और स्कॉर्ट में तैनात सब-इंस्पेक्टर विकास कुमार घायल हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक वाहन चालक की सूझबूझ के कारण बड़ा हादसा टल गया, अन्यथा मंत्री का काफिला भी इसकी चपेट में आ सकता था। दुर्घटना के बाद कुछ देर के लिए इलाके में सनसनी फैल गई।

घटना के बाद मंत्री जोगेंद्र महतो ने तत्परता दिखाते हुए घायल पुलिस अधिकारी को अपने सचिव की गाड़ी से तुरंत रामगढ़ सदर अस्पताल भेजवाया, जहां उनका प्राथमिक उपचार कराया गया।

दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्ट वाहन को बाद में क्रेन की मदद से रामगढ़ थाना लाया गया। घटना के बावजूद मंत्री का काफिला पूरी तरह सुरक्षित बताया जा रहा है।