
हजारीबाग, झारखंड : क्षत्रिय गौरव एकता मंच की एक महत्वपूर्ण बैठक हजारीबाग में आयोजित की गई, जिसमें आगामी 15 मार्च को रांची में होने वाली रैली को लेकर विस्तृत रणनीति तैयार की गई। बैठक की अध्यक्षता मंगल सिंह ने की।
बैठक में हजारीबाग, रामगढ़, कोडरमा, रांची सहित कई जिलों के प्रतिनिधियों से संपर्क कर रैली की तैयारियों की समीक्षा की गई। रांची में पुराना विधानसभा के समीप आयोजित होने वाली इस रैली को ऐतिहासिक और प्रभावशाली बनाने के लिए विभिन्न पदाधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
डॉ. सुनील सिंह ने बताया कि रैली में देश के विभिन्न क्षेत्रों से समाज के प्रमुख लोग शामिल होंगे। कार्यक्रम में गोंडा के पूर्व सांसद बृजभूषण सिंह, लवली आनंद, अवधेश नारायण सिंह, गिरिनाथ सिंह, पशुपतिनाथ सिंह समेत कई सामाजिक व राजनीतिक हस्तियों के आने की संभावना है।
उन्होंने कहा कि इस रैली का उद्देश्य क्षत्रिय समाज की एकता, संगठन और सामाजिक पहचान को मजबूत तरीके से सामने लाना है। साथ ही समाज के ऐतिहासिक योगदान और वर्तमान समय में उसकी भूमिका को भी रेखांकित किया जाएगा।
बैठक में यह भी बताया गया कि पूरे प्रदेश से करीब 60 से 70 हजार लोगों के रैली में शामिल होने की संभावना है। इसके लिए अलग-अलग जिलों में व्यापक स्तर पर जनसंपर्क और प्रचार अभियान चलाया जा रहा है।
हजारीबाग जिले के इचाक, भुसाई, साडम, तीज, चोरिया, कनौदी, देवकली, तेतरिया, कोच, मेदकुरी, लोहड़ी, पूनाई, बड़का गांव, केरेडारी, चानो, सलैया, सिलारडीह, कन्हरी गांधी मैदान, शिवपुरी, कस्तूरी खाप, कदमा रामनगर, शिवदयाल नगर, खैराए, जगदीशपुर, सरोनी, तेसरा, महेसरा, बनहप्पा, काबालु, देवरिया गांव और दूध मनिया सहित कई क्षेत्रों में प्रचार-प्रसार तेज कर दिया गया है। वहीं गिरिडीह, कोडरमा, रामगढ़, रांची, लोहरदगा, धनबाद और बोकारो में भी पदाधिकारियों द्वारा रैली को लेकर सक्रिय अभियान चलाया जा रहा है।
बैठक में मुन्ना सिंह, टुनटुन सिंह, मंगल सिंह, अनुज सिंह, सर्वेश सिंह, बबलू सिंह और प्रोफेसर प्रदीप सिंह सहित कई सदस्य उपस्थित थे। सभी ने मिलकर रैली को सफल बनाने के लिए सामूहिक प्रयास करने का संकल्प लिया।