यूको बैंक पतरातू शाखा का वित्तीय साक्षरता शिविर, महिला समूहों को बैंकिंग योजनाओं की दी जानकारी

Spread the love

रामगढ़, झारखंड : ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं को बैंकिंग सेवाओं से जोड़ने और उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से यूको बैंक की पतरातू शाखा द्वारा हरिहरपुर पंचायत भवन में एक दिवसीय वित्तीय साक्षरता केंद्र (एफएलसी) एवं स्वयं सहायता समूह (एसएचजी) बैंक ऋण जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।

शिविर के दौरान महिला समूहों से जुड़ी महिलाओं को बैंकिंग सुविधाओं, बचत के महत्व तथा सरकार की विभिन्न वित्तीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यक्रम का उद्घाटन यूको बैंक अंचल कार्यालय के उप अंचल प्रमुख शंभू कुमार ने दीप प्रज्वलित कर किया।

अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण में स्वयं सहायता समूहों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। बैंक का प्रयास है कि ग्रामीण क्षेत्रों की अधिक से अधिक महिलाएं बैंकिंग सेवाओं से जुड़कर आत्मनिर्भर बनें और अपने जीवन स्तर में सुधार लाएं।

शिविर के दौरान बैंक की ओर से तीन नए स्वयं सहायता समूहों को ऋण स्वीकृति पत्र प्रदान किया गया। इसके साथ ही तीन पुराने समूहों को द्वितीय और तृतीय लिंकेज ऋण दिया गया, ताकि वे अपने स्वरोजगार और व्यवसाय का विस्तार कर सकें। इसके अलावा छह समूह सदस्यों को छोटे व्यवसाय की शुरुआत के लिए मुद्रा लोन भी उपलब्ध कराया गया।

कार्यक्रम में प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक पुरुषोत्तम कुमार सिंहा और सीसी बीरेंद्र कुमार ने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को व्यवसाय से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां और सरकारी सहयोग योजनाओं के बारे में बताया। वहीं शाखा प्रबंधक लीमा रोज मिंज और सहायक शाखा प्रबंधक प्रीति कंचन तिग्गा ने बैंक की विभिन्न योजनाओं को सरल तरीके से लागू करने पर जोर दिया।

इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाएं और स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।