रामगढ़, झारखंड : रामगढ़ जिले में रसोई गैस की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था की समीक्षा को लेकर शनिवार को अनुमंडल कार्यालय में बैठक आयोजित की गई। यह बैठक उपायुक्त फैज़ अंक अहमद मुमताज़ के निर्देश पर अनुमंडल पदाधिकारी अनुराग कुमार तिवारी की अध्यक्षता में संपन्न हुई।
बैठक में विभिन्न गैस एजेंसियों के डीलरों और प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस दौरान एजेंसियों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों में उपभोक्ताओं की संख्या, वर्तमान गैस स्टॉक, सिलेंडर बुकिंग की स्थिति तथा आने वाले दिनों में मिलने वाले गैस सिलेंडरों की जानकारी दी गई।
अधिकांश एजेंसियों ने बताया कि उपभोक्ताओं की मांग को देखते हुए सिलेंडरों का ऑर्डर पहले ही दे दिया गया है और 15 से 17 मार्च 2026 के बीच नए गैस सिलेंडर प्राप्त होने की संभावना है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि फिलहाल जिले में गैस की कोई कमी नहीं है और एजेंसियों के पास पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है।
बैठक के दौरान यह भी सामने आया कि कई उपभोक्ताओं ने अब तक अपना केवाईसी (KYC) पूरा नहीं कराया है, जिसके कारण गैस बुकिंग में परेशानी आ रही है। इस पर अनुमंडल पदाधिकारी ने सभी गैस एजेंसियों को निर्देश दिया कि उपभोक्ताओं को केवाईसी कराने के लिए जागरूक किया जाए, ताकि उन्हें गैस बुकिंग और वितरण में किसी प्रकार की समस्या न हो।
अनुमंडल पदाधिकारी ने सभी गैस वितरक एजेंसियों को निर्देश दिया कि वे पारदर्शिता बनाए रखते हुए उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलेंडर की आपूर्ति सुनिश्चित करें। साथ ही उपभोक्ताओं की शिकायतों का त्वरित समाधान करने पर भी विशेष ध्यान देने को कहा गया।