रामगढ़ (झारखंड) जिला के मांडू प्रखंड में महुआ कलेक्शन अभियान की शुरुआत, ग्रामीणों को आय बढ़ाने की नई पहल

Spread the love

मांडू (रामगढ़), झारखंड : मांडू प्रखंड के पुंडी पंचायत अंतर्गत भूताही गांव में शनिवार (14 मार्च 2026) को महुआ कलेक्शन कार्य की औपचारिक शुरुआत की गई। यह पहल अग्रगति संस्था और झारखंड राज्य लघु वनोपज सहकारी विकास महासंघ (JHAMCOFED) के संयुक्त प्रयास से शुरू की गई है, जिसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में महुआ के उत्पादन को संगठित कर उससे होने वाली आय को बढ़ाना है।

कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि महुआ के बाई-प्रोसेसिंग के माध्यम से कई प्रकार की औषधियां और अन्य उपयोगी उत्पाद तैयार किए जा सकते हैं। इससे न केवल ग्रामीणों की आय में वृद्धि होगी, बल्कि जंगलों में लगने वाली आग और पर्यावरण को होने वाले नुकसान से भी काफी हद तक बचाव संभव होगा। विशेषज्ञों का कहना है कि यदि महुआ से ग्रामीणों को बेहतर आर्थिक लाभ मिलने लगे, तो इसके पेड़ों का संरक्षण भी सुनिश्चित किया जा सकेगा। इसके अलावा महुआ से कई प्रकार के खाद्य पदार्थ भी बनाए जाते हैं, जिनकी बाजार में अच्छी कीमत मिलती है।

कार्यक्रम का उद्घाटन पुंडी पंचायत की मुखिया रोलान देवी ने फीता काटकर किया। उन्होंने ग्रामीणों को महुआ कलेक्शन कार्य से जुड़ने और इसे आजीविका के बेहतर साधन के रूप में अपनाने के लिए प्रेरित किया।

इस मौके पर भूताही गांव के वार्ड सदस्य महादेव मुर्मू, जमके के केंद्रीय अध्यक्ष राजकुमार महतो, मांडू की प्रमुख, अग्रगति संस्था से गौतम कुमार शर्मा, महुआ कलेक्शन के सेंट्रल ट्रेनर ऋषव कुमार और भगत कुमार समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण और लाभुक उपस्थित थे। कार्यक्रम में ग्रामीणों को महुआ संग्रहण और उसके बेहतर उपयोग के बारे में भी जानकारी दी गई।