रामगढ़ (झारखंड) : जिले में डाक विभाग द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस पहल के तहत डाक कर्मचारी घर-घर जाकर लोगों को विभिन्न योजनाओं की जानकारी दे रहे हैं और उन्हें लाभ लेने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।
यह अभियान निरंजन कुमार, ब्रजेश कुमार पासवान और आशीष कुमार पांडे के मार्गदर्शन में चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में रामगढ़ सब डिवीजन के मार्केटिंग एग्जीक्यूटिव रविशंकर राय ने अपने सहकर्मी शुभम सौरव के साथ रामगढ़ थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडे से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने डाक विभाग की ओर से गंगाजल और वार्षिक कैलेंडर भेंट किया।
मुलाकात के दौरान थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडे ने कहा कि आज के समय में सुरक्षित भविष्य के लिए बीमा बेहद आवश्यक है। उन्होंने डाक विभाग की बीमा योजनाओं को विश्वसनीय बताते हुए कहा कि अब विभाग की टीम लोगों तक सीधे पहुंचकर योजनाओं की जानकारी दे रही है, जो सराहनीय पहल है।
वहीं, मार्केटिंग एग्जीक्यूटिव रविशंकर राय ने बताया कि अभियान के तहत डाक जीवन बीमा, ग्रामीण डाक जीवन बीमा, बचत खाता, सुकन्या समृद्धि योजना, भविष्य निधि और आवर्ती जमा खाते सहित कई योजनाओं में लोगों का नामांकन किया जा रहा है।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि रामगढ़ प्रधान डाकघर में बच्चों के आधार कार्ड बनाए जा रहे हैं और आधार अपडेट की सुविधा भी उपलब्ध है। डाक विभाग के कर्मचारी पारदर्शिता के साथ लोगों तक सेवाएं पहुंचाने के लिए लगातार कार्य कर रहे हैं।