रामगढ़ (झारखंड) : जिले में बच्चों के बुनियादी साक्षरता और संख्याज्ञान को सशक्त बनाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री उत्कृष्ट गांधी मेमोरियल +2 उच्च विद्यालय के सभागार में जिला स्तरीय बुनियादी साक्षरता एवं संख्याज्ञान प्रदर्शनी मेला आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने शिक्षण-अधिगम सामग्री के माध्यम से अपने मॉडल प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में संजीत कुमार उपस्थित रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में शशि सिंह, नलिनी रंजन और उपेंद्र कुमार सहित अन्य गणमान्य लोग शामिल हुए। सभी अतिथियों का स्वागत शॉल ओढ़ाकर और पौधा भेंट कर किया गया तथा दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की गई।
प्रदर्शनी में जिले के कई पीएम श्री विद्यालयों ने भाग लिया, जहां बच्चों ने भाषा विकास और गणितीय क्रियाओं पर आधारित मॉडल प्रस्तुत किए। इन मॉडलों के माध्यम से यह दिखाया गया कि किस प्रकार बच्चे खेल-खेल में कठिन विषयों को भी सरलता से समझ सकते हैं।
प्रतियोगिता में मनुवा मांडू स्थित पीएम श्री उत्क्रमित उच्च विद्यालय ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान प्राप्त किया। दूसरे स्थान पर रजरप्पा प्रोजेक्ट चितरपुर और तीसरे स्थान पर बरियातू गोला के विद्यालय रहे। विजेता विद्यालयों को मोमेंटो और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्षों को भी विद्यालयों में बेहतर कार्य करने के लिए शॉल ओढ़ाकर और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। निर्णायक मंडल में सुमित्रा कुमारी, मिथलेश कुमार रविदास, डॉ. रूपम कुमारी, अंजू सिंह, संजय राय, सतेन्द्र कुमार सिंह और हरेन कुमार कुशवाहा शामिल रहे।
मुख्य अतिथि संजीत कुमार ने कहा कि शिक्षण-अधिगम सामग्री आधारित शिक्षा से बच्चों को व्यवहारिक अनुभव मिलता है, जिससे वे अपने आसपास की वस्तुओं के माध्यम से सीखने में सक्षम होते हैं। वहीं शशि सिंह ने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों को नवाचार और रचनात्मकता की ओर प्रेरित करते हैं।
कार्यक्रम में कुमार राज, तजिंदर कौर, जितेंद्र कुमार महतो, सुरेंद्र प्रसाद, सुनील कुमार रविदास, शेखर कुमार, दीपक कुमार सिंह, तेजू कुमार मुंडा, अजीत कुमार तिवारी, मनीष कुमार सिंह, संजय कुमार, अनीता देवी सहित कई शिक्षक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।