भारतीय रिज़र्व बैंक का बड़ा कदम : अब मोबाइल नंबर की तरह बैंक अकाउंट भी होगा “पोर्ट”

Spread the love

नई दिल्ली :  भारत में बैंकिंग सिस्टम जल्द ही एक बड़े बदलाव की ओर बढ़ रहा है। भारतीय रिज़र्व बैंक (RBI) अपने ‘पेमेंट्स विज़न 2028’ के तहत ऐसी सुविधा लाने की तैयारी में है, जिससे ग्राहक अपना बैंक अकाउंट भी मोबाइल सिम की तरह एक बैंक से दूसरे बैंक में आसानी से “पोर्ट” कर सकेंगे।

क्या बदलेगा आपके लिए ?

अभी तक अगर आप बैंक बदलना चाहते हैं, तो आपको नया खाता खोलना पड़ता है और पुराने खाते से जुड़े EMI, बिल पेमेंट, सैलरी क्रेडिट जैसे कई ऑटो-पेमेंट फिर से सेट करने पड़ते हैं। यही सबसे बड़ी परेशानी होती है।

लेकिन अब RBI जिस “पेमेंट्स स्विचिंग सर्विस” पर काम कर रहा है, उससे ये झंझट खत्म हो जाएगा।

नई सुविधा की खास बातें :

  • आपका बैंक अकाउंट एक बैंक से दूसरे बैंक में आसानी से ट्रांसफर हो सकेगा

  • सभी ऑटो-पेमेंट (EMI, बिल, सब्सक्रिप्शन) खुद-ब-खुद नए बैंक में शिफ्ट हो जाएंगे

  • खाता बदलने पर भी पेमेंट सिस्टम बाधित नहीं होगा

  • विदेशों में पैसे भेजना होगा सस्ता और तेज

क्यों जरूरी है यह बदलाव ?

आज के समय में ग्राहक बैंक तो आसानी से बदलना चाहते हैं, लेकिन तकनीकी अड़चनों के कारण ऐसा कर नहीं पाते। इस नई व्यवस्था से:

  • बैंकों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा बढ़ेगी

  • ग्राहकों को मिलेगा बेहतर सर्विस और विकल्प

  • डिजिटल बैंकिंग और भी स्मार्ट और यूजर-फ्रेंडली बनेगी

क्या समझें आम लोग ?

जैसे आप मोबाइल नंबर बदले बिना कंपनी बदल लेते हैं, वैसे ही भविष्य में बैंक बदले बिना खाता नंबर और सेवाएं बरकरार रख सकेंगे।

यह कदम भारत के डिजिटल पेमेंट सिस्टम को एक नई ऊंचाई देने वाला माना जा रहा है।

साभार : एनबीटी