बोकारो स्टील सिटी : बोकारो (झारखंड) से बड़ी खबर सामने आई है, जहां बीती रात पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई। जानकारी के अनुसार बोकारो जिला के बालीडीह ओपी क्षेत्र में पुलिस छापेमारी करने पहुंची थी। इसी दौरान कुख्यात अपराधी प्रिंस गुप्ता उर्फ प्रिंस भाटिया ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और मौके से भागने की कोशिश की।
पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए फायरिंग की, जिसमें प्रिंस गुप्ता घायल हो गया। घायल अवस्था में उसे तुरंत इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही बोकारो एसपी हरविंदर सिंह, सिटी डीएसपी आलोक रंजन और हेडक्वार्टर डीएसपी समेत कई थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी गई।
बताया जा रहा है कि प्रिंस गुप्ता, प्रिंस खान और प्रकाश शुक्ला उर्फ अमन के गैंग से जुड़ा हुआ है और गैंग का सक्रिय सदस्य है। हाल के दिनों में वह बीएमडब्ल्यू फैक्ट्री के मैनेजर सहित कई व्यापारियों को धमकी देकर रंगदारी मांगने के मामलों में शामिल रहा है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।