रजरप्पा मंदिर परिसर से अतिक्रमण हटाने की तैयारी तेज, प्रशासन का निरीक्षण अभियान

Spread the love

रजरप्पा (रामगढ़), झारखंड : रामगढ़ (झारखंड) जिले के प्रसिद्ध रजरप्पा मंदिर परिसर में अतिक्रमण हटाने को लेकर प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। उपायुक्त श्री फैज अक अहमद मुमताज के निर्देश पर बुधवार शाम एक विशेष निरीक्षण अभियान चलाया गया।

अनुमंडल पदाधिकारी अनुराग कुमार तिवारी के नेतृत्व में अधिकारियों की टीम ने मंदिर परिसर का दौरा किया और अतिक्रमण की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान गोपनीय शाखा के प्रभारी पदाधिकारी रविंद्र कुमार गुप्ता, जिला खेल पदाधिकारी संजीत कुमार तथा चितरपुर के अंचल अधिकारी दीपक मिंज भी मौजूद रहे।

बताया गया कि जिला प्रशासन ने 25 मार्च 2026 को मंदिर परिसर में कुल 254 दुकानदारों की पहचान करते हुए उन्हें 15 दिनों के भीतर अतिक्रमण हटाने और दुकान खाली करने का नोटिस जारी किया था। उसी के तहत यह कार्रवाई आगे बढ़ाई जा रही है।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने दुकानदारों, रेस्टोरेंट संचालकों और मंदिर के पुजारियों से बातचीत कर प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। साथ ही एक बैठक आयोजित कर अतिक्रमण हटाने से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समयसीमा के बाद नियमों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।