झारखंड : रामगढ़ में हाथियों का झुंड सक्रिय,  प्रशासन ने ग्रामीणों को किया सतर्क

Spread the love

रामगढ़, झारखंड : जिले में जंगली हाथियों की गतिविधि को देखते हुए जिला प्रशासन और वन विभाग पूरी तरह सतर्क है। शनिवार रात पांच हाथियों के आक्रामक झुंड को सुरक्षित तरीके से राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) पार कराया गया। प्रशासन की सक्रियता के कारण महुआ चुनने वाले लोगों को समय रहते चेतावनी देकर संभावित खतरे से बचाया गया।

वन विभाग के अनुसार, सुबह के समय हाथियों का झुंड राव-राव जंगल क्षेत्र में मौजूद था। इसके मद्देनजर आसपास के गांवों—डिमरा, सिल्ली मोड़, कोराम्बे, औराडीह, सोंडीमरा, सरगडीह, बरलंगा, नेमरा, उलाडाका सहित अन्य क्षेत्रों के ग्रामीणों को विशेष सतर्कता बरतने की अपील की गई है।

DFO, रामगढ़ द्वारा जारी निर्देशों में लोगों से अपील की गई है कि वे पक्के घरों में रहें, बाहर न सोएं और न ही रात में बाहर शौच के लिए जाएं। सुबह के समय महुआ चुनने से बचें और घर में महुआ या शराब न रखें। साथ ही, जहां सोते हैं वहां महुआ न जमा करें, बल्कि उसे अलग सुरक्षित स्थान पर रखें। ग्रामीणों को छत, अंदर के कमरों या मजबूत स्थानों पर सोने की सलाह दी गई है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सभी लोग सतर्क रहें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत स्थानीय प्रशासन या वन विभाग को सूचना दें।