झारखण्ड के रामगढ़ में विश्व स्वास्थ्य दिवस पर संगोष्ठी व जागरूकता रैली आयोजित

Spread the love

स्वास्थ्य कर्मियों को समर्पण के साथ खुद के स्वास्थ्य का भी ध्यान रखने की सलाह, टीकाकरण व मानसिक स्वास्थ्य पर दिया गया जोर

रामगढ़ (झारखण्ड) :  विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर रामगढ़ में सिविल सर्जन कार्यालय के सभागार में विशेष संगोष्ठी और जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार ने की।

संगोष्ठी को संबोधित करते हुए डॉ. अनिल कुमार ने स्वास्थ्य कर्मियों के योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मी लगातार समाज की सेवा में जुटे रहते हैं, लेकिन इसके साथ-साथ उन्हें अपने स्वास्थ्य का भी ध्यान रखना चाहिए। उन्होंने सहिया दीदियों से क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाने और नियमित स्वास्थ्य जांच कराने की अपील की।

इस मौके पर एसीएमओ डॉ. नवल कुमार ने कहा कि स्वस्थ जीवन के लिए खुश रहना बेहद जरूरी है। उन्होंने लोगों को संदेश दिया कि जीवन में प्रसन्नता बनाए रखते हुए स्वास्थ्य को प्राथमिकता दें।

कार्यक्रम में स्वास्थ्य से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विशेषज्ञों ने अपने विचार साझा किए 

डीआरसीएचओ डॉ. ठाकुर मृत्युंजय कुमार सिंह ने संतुलित आहार और नियमित व्यायाम को स्वस्थ जीवन का आधार बताया। उन्होंने सहिया, सहिया साथी और बीटीटी को एचपीवी टीकाकरण के प्रति जागरूकता फैलाने का निर्देश दिया, ताकि लक्ष्य को पूर्ण रूप से हासिल किया जा सके। डीएलओ सह एनसीडी नोडल पदाधिकारी डॉ. तुलिका रानी ने मानसिक स्वास्थ्य के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि तनाव से दूर रहने के लिए खान-पान के साथ-साथ अपने पसंदीदा कार्यों के लिए समय निकालना जरूरी है।

कार्यक्रम में डीपीएमयू यूनिट के सदस्य, एसटीटी, बीटीटी, सहिया साथी और सहिया उपस्थित रहे। संगोष्ठी के माध्यम से समुदाय में स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने और बेहतर स्वास्थ्य व्यवस्था के लिए मिलकर काम करने का संकल्प लिया गया।