झारखण्ड के रामगढ़ में फैक्ट्री हादसे के बाद श्रम मंत्री संजय यादव का दौरा, जांच के आदेश

Spread the love

 रामगढ़ (झारखंड) : रामगढ़ जिले के हैसला स्थित झारखंड इस्पात प्राइवेट लिमिटेड में हुए भीषण हादसे के बाद राज्य के श्रम मंत्री संजय  यादव  मंगलवार को मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

बताया गया कि 6 अप्रैल की सुबह करीब 4 बजे फैक्ट्री के फर्नेस में विस्फोट हो गया था, जिसमें 9 मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के दौरान तीन मजदूरों की मौत हो चुकी है, जबकि अन्य का इलाज जारी है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने तत्काल उच्च स्तरीय जांच के निर्देश दिए थे। इसके बाद श्रम मंत्री ने जांच कमेटी का गठन कर दिया है।

मंत्री संजय यादव ने रामगढ़ पहुंचकर मृतक मजदूरों के परिजनों से मुलाकात की और उन्हें सांत्वना दी। इस दौरान रामगढ़ विधायक ममता देवी भी मौजूद रहीं। फैक्ट्री प्रबंधन की ओर से दोनों मृतकों के परिजनों को 21-21 लाख रुपये का मुआवजा चेक सौंपा गया।

मंत्री ने आश्वासन दिया कि मृतकों के परिवारों को आगे भी आर्थिक सहायता दी जाएगी। साथ ही, मृतक मजदूरों के बच्चों की पढ़ाई और परिवार को वेतन सहायता भी सुनिश्चित की जाएगी।

इसके बाद मंत्री रांची रोड स्थित अस्पताल पहुंचे, जहां घायल मजदूरों का इलाज चल रहा है। उन्होंने घायलों से मुलाकात कर हाल जाना और बेहतर इलाज के लिए उन्हें रांची के देव कमल अस्पताल रेफर करने का निर्देश दिया।

मीडिया से बातचीत में मंत्री ने कहा कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार फैक्ट्री प्रबंधन की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ है। उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी।

उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार घायलों और मृतकों के परिजनों को नियमों के अनुसार हर संभव सहायता प्रदान करेगी।

इस दौरान विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता और स्थानीय प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।