रामगढ़ कैंट (झारखंड) : छावनी परिषद रामगढ़ की बैठक सोमवार को परिषद सभागार में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता परिषद अध्यक्ष ब्रिगेडियर साजेश बाबू पीजी ने की, जबकि संचालन मुख्य अधिशासी अधिकारी अनंत आकाश ने किया।
बैठक में पूर्व निर्धारित 18 एजेंडों पर विस्तृत चर्चा के बाद सभी प्रस्तावों को पारित किया गया। इस दौरान फरवरी और मार्च माह के आय-व्यय का लेखा-जोखा भी मंजूर किया गया। फरवरी माह में वेतन व अन्य मद में छह करोड़ रुपये तथा मार्च माह में सात करोड़ रुपये की राशि पारित की गई।
परिषद के कर्मचारी उमेश प्रजापति और अनिल पासवान को तीन वर्ष का एमएसीपी लाभ देने की मंजूरी दी गई। साथ ही पुराने भवनों और मकानों के करों के पुनर्निर्धारण के लिए एसेसमेंट कराने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया।
बैठक में छह म्यूटेशन मामलों को स्वीकृति दी गई, वहीं नए बस स्टैंड स्थित चार दुकानों के नाम परिवर्तन को भी मंजूरी मिली। शहर में बढ़ती कुत्तों की संख्या पर नियंत्रण के लिए कुत्तों की नसबंदी कराने का प्रस्ताव भी पारित किया गया, जिसके तहत प्रति कुत्ता 1550 रुपये खर्च स्वीकृत किया गया।
इसके अलावा परिषद क्षेत्र के जिन वार्डों और मोहल्लों में पाइपलाइन से जलापूर्ति नहीं हो रही है, वहां टैंकर के माध्यम से पानी उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया। ऑनलाइन जमा किए गए दो भवन निर्माण नक्शों को भी स्वीकृति दी गई।
छावनी जनरल अस्पताल के स्टोर के लिए सामग्री खरीद की मंजूरी के साथ-साथ परिषद के स्कूलों के छात्र-छात्राओं को दी जाने वाली 1 लाख 11 हजार रुपये की छात्रवृत्ति राशि को भी स्वीकृत किया गया।
बैठक में रामगढ़ विधायक ममता देवी सहित परिषद के विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।